एसएफआइ की डीएवी कॉलेज इकाई के सम्मलेन में छात्र हितों के लिए संघर्ष करते रहने का लिया संकल्प

स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआइ) की डीएवी कॉलेज इकाई के सम्मलेन में छात्र हितों के लिए संघर्ष करते रहने का संकल्प लिया गया। पंडित दीन दयाल सभागार में आयोजित सम्मलेन का उद्घाटन करते हुए वयोवृद्ध कम्युनिस्ट नेता बच्ची राम कंसवाल ने मजदूर दिवस पर शुभकामनाएं दीं। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दौर में मजदूरों का शोषण तेजी से बढ़ा है। 
संगठन के पूर्व जिला सचिव राजेश चौहान व राज्य कमेटी सदस्य नितेश खंतवाल ने कहा कि आज समाज में लोगों को बांटने की राजनीति चल रही है, जिसके लिए छात्रों को एकजुट होकर इस अराजक माहौल से लड़ना चाहिए। लोगों का ध्यान धर्म, जाति से हटा कर बढ़ती बेरोजगारी, बेहतर शिक्षा की ओर केंद्रित करना चाहिए।
कहा कि कॉलेज में रिक्त पड़े पदों पर शिक्षकों की नियुक्तियों, छात्रावास, छात्रवृति व कॉलेज की मूलभूत सुविधाओं के लिए एसएफआइ संघर्ष तेज करेगी। एसएफआइ के राज्य सचिव देवेंद्र रावल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य देश में शिक्षा प्रणाली को वैज्ञानिक, प्रगतिशील व धर्म-निरपेक्ष बनाना है। इस अवसर पर अम्बिका, शिवानी, तानिया, प्रीति, पूजा, एकता, श्वेता, ज्योति, सोनम, संगीता, प्रियंका रोहित आदि मौजूद रहे।
सुप्रिया अध्यक्ष व शैलेंद्र सचिव बने
एसएफआइ की नई इकाई का सर्वसम्मिति से गठन किया गया। अध्यक्ष पद पर सुप्रिया भंडारी, सचिव पद पर शैलेंद्र परमार, सहसचिव पद पर अभिवंदिता राणा व संजय कुनियाल, उपाध्यक्ष पद पर मोहित बिष्ट व सोनाली नेगी चुनी गईं। जबकि कार्यकारणी सदस्य में अमन, विपुल, मनीष, काजल, निकिता, तानिया, शुभम, इकरा, सोनाक्षी, मानशी, निवेदिता, हिमांशु खाती को शामिल किया गया।





