एक-दूसरे का हाथ पकड़ कर फोटो खिंचवाने वाले PM पद की बात आई, तो सब अपनी-अपनी ढपली बजाने लगे

उत्तर प्रदेश के चंदौली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को चुनावी रैली को संबोधित करते हुए विपक्षी महागठबंधन पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि विपक्ष का गठबंधन जातिवाद और भय पैदा करने का मॉडल है, जबकि भारतीय जनता पार्टी का मॉडल विकास है.

उन्होंने कहा कि बुरी तरह हार देखकर सपा-बसपा सहित ये तमाम महामिलावटी आज पूरी तरह से पस्त है. इन लोगों ने कर्नाटक के बेंगुलुरु में एक-दूसरे का हाथ पकड़ कर फोटो खिंचवाई थी, लेकिन जैसे ही प्रधानमंत्री पद की बात आई, तो सब अपना-अपना दांव लेकर अपनी-अपनी ढपली बजाने लग गए.

विपक्षी दलों पर करारा हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘सर्जिकल स्ट्राइक का विरोध, एयर स्ट्राइक का विरोध, घुसपैठियों की पहचान का विरोध, नागरिकता कानून का विरोध, तीन तलाक के कानून का विरोध, OBC आयोग को संवैधानिक दर्जा देने का विरोध, कदम कदम पर मोदी का विरोध करना सिर्फ यही इनका मॉडल है. हम उस राजनीतिक और सामाजिक संस्कृति में पले बढ़े हैं, जहां खुद से बड़ा दल और दल से बड़ा देश होता है.’

उत्तर प्रदेश के चंदौली में पीएम मोदी ने कहा, ‘यहां की संतान पंडित दीनदयाल उपाध्याय के मूल्यों को हमने आत्मसात किया है. हमने भारतीय मूल्यों को ध्यान में रखते हुए सबका साथ, सबका विकास का रास्ता अपनाया है. 21वीं सदी का युवा आज देश को 2014 से पहले के दौर में वापस भेजने के लिए तैयार नहीं है. ये वो दौर था, जब आए दिन घोटालों की खबरें अखबार में आती रहती थीं. भ्रष्टाचार के खिलाफ देश सड़कों पर था.’

उन्होंने कहा, ‘कुछ लोग झूठ और अफवाह फैलाकर हमारे किसानों को गुमराह करना चाहते हैं. मैं आज यहां से पूरे देश के किसानों को बता देना चाहता हूं कि जो पैसे आपके खातों में भेजे जा रहे हैं, वो आपके अपने हैं, आपकी सहायता के लिए हैं. उन पैसों को आपसे कभी भी वापस नहीं लिया जाएगा.

उन्होंने कहा कि चंदौली सहित पूर्वांचल का ये क्षेत्र धान के लिए मशहूर है. यहां के शुगर फ्री चावल की बड़ी चर्चा रही है. अब बनारस में इंटरनेशलन राइस रिसर्च भी बन गया है. आपके शुगर फ्री चावल की पहचान और बनारस का रिसर्च सेंटर, यहां के किसानों की बहुत बड़ी ताकत बढ़ाने वाला है.

पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारी नीति एकदम साफ है. हमारे जवानों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेंगे. खतरा चाहे सीमा के भीतर हो, या सीमा पार, हम आतंकियों को घुसकर मारेंगे. भारत का खाकर पाकिस्तान के गुण गाने वाले अलगाववादियों के साथ हम सख्ती से निपट रहे हैं. सबका साथ, सबका विकास ये हमारा मंत्र है और सबको सुरक्षा और सबको सम्मान ये हमारा प्रण है. हम छोटे किसानों के बैंक खातों में सीधी मदद कर रहे हैं.’ उन्होंने कहा कि 23 मई के बाद जब फिर एक बार मोदी सरकार बनेगी, तब यूपी के हर किसान परिवार को ये मदद मिलना शुरू हो जाएगी.

इससे पहले मऊ में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर तीखा प्रहार किया था. उन्होंने कहा था कि ममता बनर्जी उत्तर प्रदेश के लोगों को बाहरी बताती हैं, लेकिन बसपा सुप्रीमो मायावती उनका ही समर्थन कर रही हैं. मायावती को उत्तर प्रदेश वालों की चिंता नहीं है, बल्कि वो कुर्सी का खेल खेलने में लगी हैं.

पीएम मोदी ने कहा था, ‘जो महामिलावटी महीने भर पहले तक मोदी हटाओ का राग अलाप रहे थे, वो आज बौखलाए हुए हैं. उनकी पराजय पर देश ने मुहर लगा दी है. उत्तर प्रदेश ने तो इनका सारा गुणा गणित ही बिगाड़ दिया है.’ महागठबंधन पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा था, ‘देश इन महामिलावटी लोगों की सच्चाई पहले दिन से जानता है कि मोदी हटाओ का नारा तो महामिलावटियों का बहाना था, असल में इन्हें अपने अपने भ्रष्टाचार के पाप को छुपाना था, इसलिए ये कोशिश कर रहे हैं कि देश में जैसे-तैसे खिचड़ी सरकार बन जाए. ये एक मजबूर सरकार चाहते थे, जिसे वो अपनी जरूरत के हिसाब से ब्लैकमेल कर सकें.’

Back to top button