पठानकोट.सरकारी स्कूलों के बच्चों को आधुनिक युग में ई-एजुकेट करने के मकसद से जिला प्रशासन ने ई-बस्ता वेबसाइट लांच की। http://www.ebasta.org/ पर लॉगइन कर इस वेबसाइट के माध्यम से पांचवीं से बाहरवीं कक्षा के स्टूडेंट्स बिना किताब कहीं भी बैठ कर इंग्लिश, मैथ और कम्प्यूटर सब्जेक्ट पढ़ पाएंगे। इसके अलावा छुट्टी वाले दिन भी बच्चे स्कूल में करवाए काम के नोट वेबसाइट पर देख पाएंगे।
डीसी नीलिमा ने वेबसाइट को लांच करते कहा कि इस पोर्टल की मदद से सरकारी स्कूलों के बच्चे आईटी एजुकेट होंगे और एडवांस एजुकेशन में प्राइवेट स्कूलों के स्टूडेंट्स का मुकाबला कर पाएंगे। प्रोफेसर अमन, आर्मी पब्लिक स्कूल मामून की अध्यापिका नीतू झा और सरकारी स्कूल धोबड़ा के कम्प्यूटर टीचर नीरज शर्मा ने डीसी नीलिमा के इस प्रोजेक्ट पर 5 महीने काम करने के बाद तैयार किया।
एक्सपर्ट का कहना है कि अगले महीने तक इस वेबसाइट पर अगले कुछ वर्षों के मॉडल टेस्ट पेपर और जरूरी नोट्स अपलोड होंगे। वेबसाइट का सबसे अधिक फायदा अंग्रेजी विषय में कमजोर बच्चों को होगा। इसमें अंग्रेजी विषय को आसान बनाकर समझाने का प्रयास किया गया है ताकि सरकारी स्कूलों के बच्चे कॉन्वेंट स्कूलों के बच्चों की तरह इंग्लिश ना केवल पढ़ सकें बल्कि उसे सीख भी सकें। इसके अलावा जो बच्चे अंग्रेजी को पढ़ने में कमजोर हैं, उन बच्चों को वीडियो के माध्यम से भी समझाया जाएगा।
स्कूल की किताबें और नोट्स शामिल कर बनाई जाएगी डिजिटल लाइब्रेरी
डीसी नीलिमा ने बताया कि तीनों एक्सपर्ट के सहयोग से डिजिटल इंडिया की ओर शिक्षा विभाग का बढ़ता कदम है। इसमें स्कूल की किताबों तथा नोट्स को डिजिटल रूप में पहुंचाने के अलावा डिजिटल लाइब्रेरी के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें मुख्य विषय पर किताबों का संग्रह है। इस वेबसाइट में विगत वर्षों में हुई वार्षिक परीक्षाओं के पेपर तथा उन्हें हल करने के उपरांत नोट्स भी साथ में अपलोड किए गए हैं। स्टूडेंट्स स्कूल के कम्प्यूटर लैब तथा घर पर मोबाइल या डेस्कटॉप और लैपटॉप पर इस वेबसाइट पर डाले गए नोट्स को देख किसी भी विषय को आसानी से समझ सकते हैं।