इस मुस्लिम परिवार ने शादी के कार्ड पर छपवाया हिंदू देवताओं की तस्वीर

भगवान राम के प्रति श्रद्धा पूरे अयोध्या में नजर आने लगी है और यही वजह है कि श्रद्धा-भक्ति के प्रकाश में लोगों को धर्म के नाम पर बांटने वाली रेखा भी धुंधली होने लगी है। यहां के एक मुस्लिम परिवार ने अनोखा तरीका अपनाते हुए अपने बेटे की शादी के आमंत्रण कार्ड के तौर पर कैलेंडर (साल 2020 के लिए) छपवाया है,

जिस पर भगवान हनुमान की तस्वीर है। सिर्फ इतना ही नहीं परिवार ने कार्ड पर ब्रह्मा, विष्णु, शिव और नारद मुनि की तस्वीर भी छपवाई है।
आमंत्रण कार्ड नुमा इस कैलेंडर के पीछे शादी से संबंधित सूचनाएं दी गई हैं। मो. मुबीन के बेटे मो. नासिर और उनकी बेटी अमीना बानो की शादी क्रमश: शुक्रवार और रविवार को है।
मो. मुबीन छरेरा गांव के निवासी हैं। उनका कहना है कि उनकी आस्था अल्लाह के साथ हिंदू देवी-देवताओं के प्रति भी है।
रसूलाबाद के राजकीय होम्योपैथी अस्पताल में वार्ड बॉय के रूप में तैनात मो. मुबीन ने कहा कि ऐसा कार्ड छपवाने को लेकर उन पर कोई दबाव नहीं डाला गया था, बल्कि उन्होंने परिवार की सहमति से ही कार्ड का चयन किया।
मुबीन ने अपने करीब 700 हिंदू मित्रों को भी शादी के कार्ड भेजे और उन्होंने उनकी इस पहल की तारीफ भी की।





