आतंकी मसूद अजहर पर बैन के लिए पाकिस्तान तैयार, लेकिन दुनिया के सामने रखी ऐसी शर्त जिसे सुनकर…

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में जैश-ए-मोहम्मद सरगना मसूद अजहर पर प्रतिबंध लगाने की भारत की कोशिशों के बीच पाकिस्तान ने इस मुद्दे पर सशर्त समर्थन देने की बात कही है.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने एक पाकिस्तानी टीवी शो पर रविवार को कहा कि पाकिस्तान जैश-ए-मोहम्मद सरगना मसूद अजहर को वैश्विक आतंकी घोषित करने के लिए तैयार है लेकिन मसूद अजहर का संबंध पुलवामा हमले से नहीं जोड़ा जाना चाहिए.
फैसल ने कहा, “भारत को सबूत देना चाहिए कि पुलवामा हमले में मसूद अजहर का हाथ था. अगर ऐसा नहीं है तो फिर हम उसे वैश्विक आतंकी घोषित करने के मुद्दे पर बातचीत कर सकते हैं. यह कोई बहुत बड़ा मसला नहीं है. उन्होंने आगे कहा कि पुलवामा हमला बिल्कुल अलग मुद्दा था और भारत जम्मू-कश्मीर के स्थानीय लोगों की आवाज को दबाने की कोशिश कर रहा है.”
विश्लेषकों का कहना है कि पाकिस्तान का यह तर्क फालतू है क्योंकि वर्तमान में पुलवामा हमले के लिए ही संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की 1267 कमिटी में मसूद अजहर पर बैन के लिए विचार किया जा रहा है. इसलिए अजहर को पुलवामा से अलग नहीं किया जा सकता है.
फैसल का बयान ऐसे वक्त में आया है जब यूके ने जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अजहर के संयुक्त राष्ट्र में जल्द ही वैश्विक आतंकी घोषित होने की उम्मीद जताई है. इसके अलावा, यूके ने पाकिस्तान से आतंकी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी की थी.
पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने खुद पुलवामा हमले की जिम्मेदारी ली थी. पिछले महीने चीन ने ‘तकनीकी आधारों’ का हवाला देते हुए मसूद अजहर पर प्रतिबंध लगाने की कोशिशों पर पानी फेर दिया था. यह चौथी बार था जब चीन ने मसूद अजहर के वैश्विक आतंकी घोषित करने की राह में रोड़ा अटकाया था.





