आज से भारत में ऐपल आईफोन हुंडई की टक्सन की बुकिंग शुरू

लक्जरी कार और मोबाइल फोन के दीवानों के लिए शुक्रवार का दिन बेहद अहम है। भारत में ऐपल आईफोन 7 और आईफोन 7 प्लस की बिक्री शाम सात बजे से शुरू होगी। इसी तरह हुंडई की लेटेस्ट लक्जरी कार टक्सन की बुकिंग शुरू हो गई है।
एेपल का आईफोन 7 और आईफोन 7 प्लस शाम 7 बजे से मिलने से ग्राहकों को राहत मिलेगी। आमतौर पर एेपल आईफोन की बिक्री रात 12 बजे से शुरू करता है। भारत में एेपल आईफोन की सीधे बिक्री नहीं होती। इसे थर्ड पार्टी डीलर के जरिए बेचा जाता है। यहां 32 जीबी का नया आईफोन 60 हजार, 128 जीबी का 70 हजार और 256 जीबी मेमोरी वाला फोन 80 हजार रुपए में मिलेगा। आईफोन 7 प्लस 32 जीबी 72 हजार में, 128 जीबी 82 हजार में और 256 जीबी का हैंडसेट 92 हजार में मिलेगा।
भारत में भी हुंडई पर मर-मिटने वालों की कमी नहीं है। कंपनी की लेटेस्ट हुंडई टक्सन की बुकिंग शुरू कर दी है। मुंबई में 25 हजार की राशि देकर बुंकिग की जा रही है। हालांकि आधिकारिकतौर पर यह कार 24 अक्टूबर को लांच होगी। मुंबई के कुछ डिस्ट्रीब्यूटर्स के यहां कार का मुआयना किया जा सकता है, लेकिन अभी टेस्ट ड्राइव की सहूलियत नहीं है।





