आज मिलेंगे नए महामहिम, 11 बजे से मतगणना, मीरा पर भारी…

देश को आज नया राष्ट्रपति मिलेगा. राष्ट्रपति चुनाव के लिए 17 तारीख को वोट डाले गए थे, जिसके बाद आज शाम 5 बजे तक यह साफ हो जाएगा कि आखिर रामनाथ कोविंद और मीरा कुमार में से कौन राष्ट्रपति बनेगा. वोटों की गिनती संसद के रुम नंबर 62 में होगी. गिनती सुबह 11 बजे से शुरू होगी और 5 बजे तक स्थिति साफ हो जाएगी.

सभी राज्यों से वोट के बैलेट बॉक्स संसद पहले ही पहुंच चुके हैं और संसद में कड़ी सुरक्षा में उसे रखा गया है. राष्ट्रपति चुनाव के लिए कुल 32 जगहों पर मतदान हुआ था. इनमें 29 राज्य, दिल्ली और पुडुचेरी समेत दो केंद्र शासित प्रदेश और संसद भवन शामिल है जहां पर राज्यसभा और लोकसभा के सांसदों ने मतदान किया.
8 राउंड में होगी गिनती
राष्ट्रपति के चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सांसद और विधान सभा के सदस्य मतदान करते हैं. एमएलसी यानी विधान परिषद के सदस्य राष्ट्रपति के चुनाव में मतदान नहीं करते. आज जब वोटों की गिनती शुरू होगी तो सबसे पहले संसद भवन में डाले गए वोटों का बक्सा खुलेगा. उसके बाद राज्यों के वोटों की गिनती होगी. राज्यों का बक्सा अल्फाबेटिकल ऑर्डर पर खोला जाएगा. वोटों के गिनती चार अलग अलग टेबल पर होगी और गिनती के कुल 8 राउंड होंगे.
राष्ट्रपति चुनाव में हुई थी 99% वोटिंग
सोमवार को हुई वोटिंग में 99% वोटिंग हुई थी, रिटर्निंग अधिकारी अनूप मिश्रा ने बताया कि यह अब तक की सबसे ज्यादा वोटिंग है. अभी लोकसभा (543) और राज्यसभा (233) में कुल 776 सांसद हैं. दोनों लोकसभा और राज्यसभा से दो-दो सीट खाली हैं. बिहार के सासाराम से बीजेपी के सांसद छेदी पासवान के पास वोटिंग का अधिकार नहीं था, इस तरह 771 सांसदों को वोट डालना था, लेकिन 768 सांसदों ने ही वोटिंग की.
टीएमसी के तापस पाल, बीजेडी के रामचंद्र हंसदह और पीएमके के अंबुमणि रामदौस ने वोट नहीं डाले, ये सभी लोकसभा सांसद हैं. दोनों सदनों में 99.61% वोटिंग हुई. देश की 31 विधानसभाओं के 4120 एमएलए में से 10 सीट खाली हैं और एक विधायक अयोग्य है. इस तरह 4,109 विधायकों को वोट डालना था, लेकिन 4,083 ने वोटिंग की यानि, कुल 99.37% वोटिंग हुई.





