देश का यह सबसे बड़ा बैंक सेविंग अकाउंट पर तुरंत देगा क्रेडिट कार्ड

मुंबई। निजी क्षेत्र का बैंक आइसीआइसीआइ अपने ग्राहकों के बचत खाते पर इंस्टेंट यानी तुरंत क्रेडिट कार्ड उपलब्ध करा देगा। बैंक ने बुधवार को इस सुविधा का एलान किया। इस सुविधा को ऑनलाइन हासिल किया जा सकेगा। सबसे खास बात यह है कि प्लास्टिक कार्ड मिलने से पहले ही ग्राहक इससे शॉपिंग कर सकेंगे।

फिलहाल इस सुविधा का लाभ बैंक के इंटरनेट बैंकिंग प्लेटफॉर्म के जरिये ही उठाया जा सकेगा। इस कार्ड की क्रेडिट लिमिट चार लाख रुपये तक होगी।

यह लिमिट पहले से क्रेडिट स्कोर देखकर तय किया जाता है। बैंक के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनूप बागची ने कहा, ‘यह हमारे ग्राहकों को तुरंत ऑनलाइन क्रेडिट कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराएगा।

इसके तहत ग्राहक तुरंत ई-कॉमर्स साइटों पर शॉपिंग कर सकेंगे। बैंक त्योहारी सीजन में शॉपिंग, यात्रा और मनोरंजन से संबंधित कई अन्य ऑफर भी लेकर आएगा।’

आइसीआइसीआइ ने दावा किया कि यह भारतीय बैंकिंग क्षेत्र में अपनी तरह की पहली पेशकश है। हालांकि बैंक के चुनिंदा कुछ लाख बचत खातों के ग्राहकों को यह कार्ड मिलेगा।

बैंक की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कार्ड मिलने से पहले इस इंस्टेंट क्रेडिट की ऑनलाइन सुविधा पूरी तरह सुरक्षित होगी।

कार्ड भी कुछ दिनों के भीतर ग्राहक के पते पर पहुंच जाएगा। हालांकि बैंक की ओर से यह नहीं बताया गया है कि इस कार्ड के लिए शुल्क क्या होगा।

Back to top button