असदुद्दीन ओवैसी हमेशा से हिंदुओं और साधु संतों का अपमान करते आए: नरेंद्र गिरी

अयोध्या मामले में असदुद्दीन ओवैसी की ओर से आए बयान को लेकर संत समाज में उबाल बना हुआ है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी ने उनपर कटाक्ष करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला न मानना राष्ट्रद्रोह है।

उन्होंने कहा है कि ओवैसी भारत और हिंदुओं के खिलाफ जहर उगलते रहते हैं। अगर ओवैसी को भारत में अच्छा नहीं लगता है तो उन्हें भारत छोड़कर पाकिस्तान चले जाना चाहिए।

महंत नरेंद्र गिरी ने चेतावनी देते हुए कहा है कि ओवैसी हमेशा से हिंदुओं और साधु संतों का अपमान करते आए हैं। ओवैसी अगर इस तरह की भाषा का दोबारा इस्तेमाल करेंगे तो साधु संत समाज और अखाड़ा परिषद इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।

उन्होंने कहा कि अगर ओवैसी को भारत में रहना है तो भारत के संविधान और न्यायपालिका के आदेश का पालन और सम्मान करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भारत में रहकर अगर भारत के खिलाफ ओवैसी बयानबाजी करेंगे तो संत समाज उन्हें इसका मुंहतोड़ जवाब देगा।

उन्होंने कहा कि देश में सभी धर्मों के लोग रहते हैं। ऐसे में अगर मंदिर निर्माण को जबरदस्ती करते और इसमें भेदभाव होता तो सामाजिक समरसता नहीं रहती और सांप्रदायिक सौहार्द भी बिगड़ता।

विश्व हिंदू परिषद, आरएसएस और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद सभी राम मंदिर का निर्माण चाहते थे। यहां तक कि कुछ मुस्लिम पक्ष के लोग भी इस पक्ष में थे। तो फिर ओवैसी ऐसे बयानबाजी क्यों कर रहे हैं।

Back to top button