अमेरिका में फ्लोरेंस का कहर जारी, अब तक 31 लोगों की हुई मौत

उत्तरी कैरोलिना में फ्लोरेंस तूफान का कहर अब भी जारी है। इस तूफान अब बेहद घातक रूप ले लिया है और इसके कारण अब तक 31 लोगों की मौत हो चुकी है। यह अब एक चक्रवाती तूफान में बदल गया है और इसके कारण हुए हादसों में उत्तरी कैरोलिना में 25, जबकि दक्षिणी कैरोलिना में 6 लोगों की मौत हुई है। लगातार हो रही बारिश ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं वहीं कई स्थानों पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। राहत और बचाव दल लगातार लोगों को तूफान से निकालने की कोशिश में लगे हुए हैं।अमेरिका में फ्लोरेंस का कहर

बारिश ने तोड़ा 20 साल का रिकॉर्ड

तेज तूफान, मूसलधार बारिश और उफनती नदियों ने हालात को मुश्किल बना दिया है। वहीं,145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। यहां बारिश ने 20 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। तूफान के चलते कैरोलिना में अब तक की सबसे भयंकर बाढ़ का खतरा बना हुआ है। हजारों लोगों को घर छोड़ने के आदेश दिए गए हैं। कई क्षेत्रों में भारी बाढ़ आने का आशंका जताई जा रही है, जबकि न्यू बर्न शहर में सैकड़ों लोगों को मदद की जरूरत है।

राष्ट्रपति ट्रंप तूफान प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे

व्हाइट हाउस का कहना है कि स्थिति सामान्य होने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तूफान प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। ट्रंप ने ट्वीट करके बचावकर्मियों की तारीफ की है। नेशनल हरिकेन सेंटर (एनएचसी) के मुताबिक, तूफान की गति घटकर 80 किलोमीटर प्रति घंटा हो गई है। हालांकि खतरा अभी बरकरार है। नागरिकों को सतर्क रहने और बाहर नहीं निकलने का निर्देश दिया गया है। उत्तर कैरोलिना, दक्षिण कैरोलिना और वर्जीनिया में करीब 17 लाख लोग तूफान और भयानक बाढ़ के खतरे की जद में हैं।

Back to top button