अभी-अभी: पीएम मोदी ने दी चेतावनी: 5 स्टार होटलों को ठहरने के लिए न चुनें मंत्री

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रियों को चेताते हुए कहा कि वे फाइव स्टार होटल में न ठहरें और साथ ही ये भी कहा कि मंत्रिगण सरकारी वाहनों का निजी तौर पर इस्तेमाल ना करें।

बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में पीएम मोदी मंत्रियों के फाइव स्टार होटल में ठहरने से नाराज नजर आए। मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक, पीएम मोदी ने साफ कहा कि कोई भी मंत्री अपनी ड्यूटी के दौरान फाइव स्टार होटल में ठहरने की जिद नहीं करेगा, ब्लकि सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं के अनुरूप ही चलना होगा।
पीएम मोदी ने अपने मंत्रियों को बताया कि वे मंत्रियों के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों से वाहन के इस्तेमाल को लेकर बिल्कुल भी खुश नहीं हैं। पीएम मोदी ने कहा कि मंत्री और उनके परिवार का कोई भी सदस्य सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों से वाहनों का इस्तेमाल नहीं करेगा, अगर ऐसा आगे हुआ तो वो इसको कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।
मंत्रियों को कहा गया है कि वे यह भी सुनिश्चित करें कि उनके स्टाफ पीएसयू से मिलने वाली सुविधाओं का निजी इस्तेमाल न करें। पीएम मोदी ने मंत्रियों के सामने यह भी साफ किया वह भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की अपनी नीति से कोई समझौता नहीं करेंगे।





