अबु धाबी में भारतीय महिला ने ऐसे जीते 32 लाख डॉलर

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी में बिग टिकट लॉटरी में एक भारतीय महिला ने एक करोड़ 20 लाख दिरहम (32 लाख अमेरिकी डॉलर) जीते हैं. केरल के कोल्लम की सपना नायर ने बुधवार को लॉटरी में धन जीतने के बाद कहा कि वह जीते हुई राशि के एक हिस्से से वंचित लोगों और विशेषकर महिलाओं की मदद करना चाहती हैं.

उन्होंने कहा, मैं वांचित लोगों की मदद करना चाहती हूं, विशेषकर महिलाओं की. इससे पहले भी मैं जितना हो सके, उतना गरीबों की मदद करती आई हूं, लेकिन अब मेरे पास वित्तीय रूप से और अधिक कार्य करने की आजादी है.

खलीज टाइम्स ने शुक्रवार को बताया कि नायर ने कहा कि वह जीत की राशि का उपयोग अपने और अपने पति के परिवार के सदस्यों पर भी करेंगी. अबु धाबी स्थित कंसल्टेंसी में वरिष्ठ स्ट्रक्चरल इंजीनियर के रूप में काम करने वालीं नायर ने कहा कि वह और उनका परिवार इस खबर पर अभी भी यकीन नहीं कर पा रहा है.

तो इसलिए दुबई की रानी और शेख मख्तूम की पत्नी ने ब्रिटेन में मांगी राजनीतिक शरण, जानें कारण…

उन्होंने कहा कि मैं अभी भी इस बात पर यकीन नहीं कर पा रही हूं. मुझे इस बात को जाने 24 घंटे भी पूरे नहीं हुए हैं और यह बहुत बड़ी बात है. महिला ने कहा कि उनके पति को लॉटरी के संबंध में कोई जानकारी नहीं थी. उनके पति का संबंध भी केरल से है.

उन्होंने कहा कि मैं हर बार टिकट नहीं खरीदती हूं, यह तीसरी या चौथी बार था, जब मैंने टिकट ली. मैंने अपने पति को नहीं बताया और जब हमें पता चला हम जीत गए हैं तो वह भी इस बात से हैरान हुए.

नायर ने अपनी पांच साल की बेटी को अपने लिए भाग्यशाली बताया और कहा कि वह उसके भविष्य के लिए भी धन का उपयोग करना चाहती हैं. अबु धाबी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हर महीने होने वाला बिग टिकट ड्रॉ संयुक्त अरब अमीरात का सबसे बड़ा और सबसे लंबा चलने वाला लॉटरी ड्रॉ है.

Back to top button