अंटार्कटिका से टूटा अब तक का सबसे बड़ा हिमखंड

इस हिमखंड के टूटने के बाद अंटार्कटिका प्रायद्वीप का आकार भी हमेशा के लिए बदल गया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि अंटार्कटिका से हिमखंड अक्सर टूटते रहते हैं। लेकिन यह हिमखंड काफी बड़ा है और समुद्र में इस हिमखंड पर निगरानी रखे जाने की जरूरत है क्योंकि यह समुद्री यातायात के लिए एक बड़ा खतरा साबित हो सकता है।
पश्चिमी अंटार्कटिका के आइस शेल्फ की दरार पर वर्षों से नजर रख रहे अनुसंधानकर्ताओं के मुताबिक यह हिमखंड 10 और 11 जुलाई को अलग हुआ है। इस हिमखंड का नाम ए68 रखे जाने की संभावना है। यह आकार में एरी झील का दोगुना है। एरी को दुनिया के सबसे बड़ी झीलों में से एक माना जाता है।
हिमखंड के टूटकर अलग होने का पता नासा के एक्वा मोडिस सैटेलाइट से मिले डाटा से चला है। इस हिमखंड के टूटने की प्रक्रिया एक साल पहले शुरू हो गई थी। 25 से 31 मई के बीच ही इसमें 17 किमी लंबी दरार आ गई थी।
24 और 27 जून के बीच बर्फ तेजी से अलग होने लगी थी और इसकी दरार रोजाना 10 मीटर बढ़ रही थी। 5,800 वर्ग किलोमीटर के आकार का ये आइसबर्ग अब तक टूटकर अलग हुए सभी हिमखंडों में सबसे बड़ा है। इससे पहले सबसे बड़ा टूटने वाला हिमखंड बी15 था। 4200 वर्ग किलोमीटर आकार का बी15 साल 2000 में रॉस आइस शेल्फ से अलग हो गया था।





