हिंसा भड़काने की वजह से अल जज़ीरा को देश से बाहर निकालना चाहते हैं नेतन्याहू

यरूशलम के एक संवेदनशील पवित्र धार्मिक स्थल को लेकर तनाव के बीच इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि वह कतर के प्रसारणकर्ता अल-जज़ीरा को इस्राइल से निकालना चाहते हैं.
यरूशलम में हरम अल-शरीफ परिसर का हवाला देते हुये नेतन्याहू ने कल एक फेसबुक पोस्ट में लिखा है, ‘‘अल जज़ीरा चैनल टेंपल माउंट के आसपास हिंसा भड़काने का काम जारी रखे हुये है.’’ यहूदियों के बीच हरम अल-शरीफ परिसर को टेंपल माउंट के नाम से जाना जाता है.
उन्होंने लिखा, ‘‘मैंने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से यरूशलम में अल-जजीरा के कार्यालय को बंद कराने की कई बार अपील की है. कानूनी कारणों के कारण अगर यह संभव नहीं हुआ तो मैं इस्राइल से अल जज़ीरा को निष्कासित करने के लिए जरूरी कानून बनाने का प्रयास करूंगा.’’ इस बीच, इस्राइल ने यरूशलम में हरम अल शरीफ के प्रवेश द्वारों पर लगे और सुरक्षा उपकरण हटाए हैं. ऐसा हाल के दिनों में प्रदर्शनों और हिंसक अशांति के बाद किया गया है.
मंगलवार को मेटल डिडेक्टर हटाये जाने के बावजूद पवित्र स्थल पर इस्राइल और जायरीन के बीच तनावपूर्ण गतिरोध जारी है.





