हरियाणा पुलिस को मोस्टवांटेड खच्चर की तलाश में Haryana Police, बाजार में सन्नाटा…

हरियाणा पुलिस को मोस्टवांटेड खच्चर की तलाश है। जब वह रास्ते से निकलता है तो सन्नाटा पसर जाता है। घर से बाहर निकलने वाले लोगों के दिलो दिमाग में उसका खौफ भर गया है। विश्वास नहीं हो रहा होगा, लेकिन यह सच है। खच्चर लोगों को लहूलुहान कर रहा है। किसी का हाथ चबा जा रहा तो किसी की गर्दन। पुलिस कंट्रोल रूम में भी इसकी सूचना दी गई है। दरअसल, अंबाला छावनी में एक खच्चर का आतंक है। खच्चर बाइक या पैदल चलते लोगों को शिकार बना रहा है। 
बाइक पर पीछे बैठी सवारी की बाजू खच्चर ने मुंह में दबोची
अंबाला छावनी इंदिरा पार्क के मेन गेट की ओर राय मार्केट से बाइक पर दो सवार आ रहे थे। इसी रास्ते पर एक गधा खड़ा था और जैसे ही बाइक सवार इसके पास से गुजरा, तो खच्चर ने बाइक के पीछे बैठी सवारी का हाथ अपने मुंह में दबोच लिया। बाइक चालक ने एकाएक ब्रेक मारे जबकि पीछे बैठी महिला को उतरना पड़ा।
सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया
बाइक सवार मंगत राम ने बताया कि उनको वैष्णो देवी जाना था और खरीददारी करने के बाद बीसी बाजार अपने रिश्तेदार के साथ जा रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी सुनीता भी थीं। जैसे ही राय मार्केट से इंदिरा पार्क की ओर मुड़े तो एक खच्चर साइड में खड़ा था। उसने बाइक के पीछे बैठी पत्नी का हाथ मुंह में दबोच लिया। यह देख आसपास के लोग भी आ गए और बड़ी मुश्किल से खच्चर के मुंह से उसे छुड़वाया। इसके बाद महिला को सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
पार्क में सोते हुए व्यक्ति की गर्दन खच्चर ने दबोची
काम की तलाश में अंबाला पहुंचे एक व्यक्ति पर खच्चर ने हमला कर दिया। लोगों ने इस खच्चर से बड़ी मुश्किल से छुड़वाया और अस्पताल पहुंचाया। संजय ने बताया कि वह काम की तलाश में अपने परिचितों के पास अंबाला छावनी आया था। काम का जुगाड़ न होने पर वह अमृतसर चल गया। वह अंबाला पहुंचा और इंदिरा पार्क में जाकर सो गया। इसी दौरान एक खच्चर आया और उसकी गर्दन दबोच ली। वह बुरी तरह से छटपटाने लगा। इसी दौरान पार्क में मौजूद अन्य लोग भी पहुंच गए और किसी तरह से उसे छुड़वाया। गर्दन पर घाव हो गए और उसे नागरिक अस्पताल छावनी में पहुंचाया गया। यहां पर डाक्टरों ने उसका उपचार किया और छुट्टी दे दी।
पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई सूचना
वहीं खच्चर के आतंक को देखते हुए लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। इसके बाद मौके पर पुलिस पीसीआर पहुंची और खच्चर का पीछा किया। नगर निगम को भी इसकी सूचना दी गई। तब तक खच्चर भाग गया।
लाठी लेकर कर रहे पहरेदारी
खच्चर का लोगों के दिलो दिमाग में इस तरह आंतक छा गया है कि वे अपने साथ लाठी रखने लगे हैं। राय मार्केट के दुकानदार तो बकायदा लाठी लेकर पहरेदारी कर रहे हैं। ताकि खच्चर किसी को अपना निशाना न बना सके और न मार्केट में आ सके।





