हरियाणा का कुख्‍यात गैंगस्‍टर अक्षय पंजाब के रूपनगर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया, 15 हत्‍याओं का है आरोप

पंजाब पुलिस ने यहां एक कुख्‍यात गैंगस्‍टर को गिरफ्तार किया। रूपनगर पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान हरियाणा के खूंखार गैंगस्टर अक्षय पहलवान को पकड़ा। उस पर 15 हत्‍याएं करने का आरोप है और विभिन्‍न पुलिस थानों में करीब 20 हाइवे लूट का केस दर्ज है।

पुलिस के अनुसार अक्षय ने 15 साल की उम्र में पहली हत्या की थी। उसके खिलाफ कोर्ट रूम में ही जज के सामने दो लोगों की गोली मारकर हत्या करने का मुकदमा भी दर्ज है। पुलिस का कहना है कि पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। अक्षय की गिरफ्तारी के बारे में हरियाणा पुलिस काे भी सूचना दे दी गई है।

अक्षय पहलवान उर्फ काली कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य है। उस पर हरियाणा पुलिस ने चार लाख दस हजार और राजस्थान पुलिस ने दस हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। रूपनगर पुलिस ने बताया कि गैंगस्टर अक्षय पहलवान उर्फ काली की धरपकड़ नूरपुर बेदी के पास से की गई है। बता दें 15 साल की उम्र में ही अक्षय ने पहली हत्या की थी। उसने कोर्ट रूम में ही जज के सामने दो लोगों की गोली मारकर जान ले ली थी।

गैंगस्टर अक्षय पहलवान उर्फ काली पंजाब हरयिाणा और राज्स्थान के तीन खतरनाक गैंग से जुड़ा हुआ है। दो साल पहले उसने लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ थाम लिया था। उसके खिलाफ हत्या, हाईवे लूट और स्नैचिंग के कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि अक्षय को नूरपुरबेदी में नूरपुरबेदी की पुलिस और सीआइए की टीम ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। ढाई किलोमीटर भागने के बाद आरोपित काबू किया गया। वह हरियाणा के सोनीपत के एक व्यक्ति की हत्‍या की सुपारी लेने के बाद हथियार के बंदोबस्त के लिए यहां आया हुआ था।  उसका लॉरेन्स बिश्नोई और संपत नेहरा गैंग से भी संपर्क था।

कई दिनों से पीछे लगी थी पुलिस

बता दें कि अक्षय को पकड़ने के लिए राजस्थान एसओजी व गंगानगर पुलिस की टीम चेन्नई में तलाश कर रही थी। इस दौरान पुलिस की भनक लगी कि वह पंजाब पहुंच गया है। इसके बाद रूपनगर पुलिस ने उसे दबोच लिया। अक्षय गंगानगर की मेटेलिक जिम में विनोद उर्फ जॉर्डन की हत्या, चुरु के राजगढ़ कोर्ट में हुई हत्या व सीकर में सरपंच की हत्या के संबंध में वांछित है।

Back to top button