हरदोई के मरीज की सीतापुर में कोरोना से मौत, जिला अस्पताल में था भर्ती

सीतापुर : हरदोई से इलाज कराने सीतापुर आये एक बुजुर्ग की जिला अस्पताल में मौत हो गयी। बुजुर्ग की कोरोना जांच भी कराई गई थी जिसमे वह पॉजिटिव निकला था। अस्पताल प्रशासन द्वारा शव को सेनेटाइज व सील कर पुलिस की मौजूदगी में वापस हरदोई भेज दिया गया है। अब सीतापुर जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर दो पहुंच गई है।

हरदोई के बेनीगंज निवासी एक बुजुर्ग पिछले कई दिनों से बीमार था। शनिवार को परिवार के लोग उसे इलाज के लिए सीतापुर में एक मनोचिकित्सक के पास लेकर आये थे। यहां डॉक्टर ने मरीज की हालत ज्यादा गंभीर होने के चलते उसे जिला अस्पताल भेज दिया था। बताया जाता है कि मरीज को बुखार और खांसी जैसी दिक्कतें भी हो रही थी। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एके अग्रवाल ने बुजुर्ग की कोरोना जांच कराई थी, जो कि पॉजिटिव आयी थी। देर शाम बुजुर्ग की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत भी हो गई। सीएमएस ने बताया कि मौत के बाद शव और अस्पताल परिसर को पूरी तरह सेनेटाइज कराया गया। बाद में पुलिस की मौजूदगी में शव को परिजनों के साथ उसके गांव भेज दिया गया। अस्पताल प्रशासन ने हरदोई जिला प्रशासन को भी पूरे मामले से अवगत कराया। सीएमएस ने बताया कि जिस कमरे में बुजुर्ग को भर्ती किया गया था उसे भी एक दिन के लिए सेनेटाइज कर सील कर दिया गया है।

Back to top button