सेना प्रमुख रावत अपनी पत्‍नी समेत पहुंचे अपने ननिहाल, परिजन और गांववासियों ने किया स्‍वागत…

शुक्रवार सुबह जनरल बिपिन रावत अपनी पत्‍नी समेत अपने ननिहाल थाती गांव (उत्‍तरकाशी) पहुंचे। इस दौरान परिजन और गांववासियों ने उनका स्‍वागत किया।

 बता दें कि सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत का ननिहाल उत्तरकाशी के थाती गांव में है। पूर्व विधायक रहे ठाकुर किशन सिंह परमार के परिवार से है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर किशन सिंह परमार 60 के दशक में उत्तरकाशी क्षेत्र से विधायक रहे हैं। इससे पहले टिहरी प्रजामंडल में शिक्षा मंत्री रहे। थल सेना प्रमुख के पिता का नाम स्व. लेफ्टिनेंट जनरल लक्ष्मण सिंह रावत, माता का नाम स्व. सुशीला देवी है। सेना प्रमुख का पैतृक गांव पौड़ी जनपद के द्वारिखाल ब्लाक का सैंज गांव है। उत्तरकाशी के एसपी पंकज भट्ट ने बताया कि शुक्रवार को सेना प्रमुख अपने ममेरे भाई नरेंद्र पाल परमार से मिलने थाती गांव पहुंचे। इस दौरन उनकी पत्‍नी भी उनके साथ है। इसके लिए एसपी ने गांव में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। 

गौरतलब है कि बीते रोज थल सेना अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत ने परिजनों के साथ भगवान बदरी विशाल की पूजा अर्चना की थी। उन्होंने देश की सुख समृद्धि की कामना की। मंदिर में सेनाध्यक्ष के निवेदन पर भगवान बदरी विशाल के समक्ष धर्माचार्यों ने राष्ट्रीय वंदना का गायन किया। उन्होंने भगवान बदरी विशाल से देश की सुरक्षा व विश्व में भारत का वर्चस्व कायम रखने की कामना की। दोपहर में सेना प्रमुख गंगोत्री धाम पहुंचे और मां गंगा के दर्शन किए। इसके बाद सेना प्रमुख ने हर्षिल आर्मी कैंप में रात्रि विश्राम किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button