सीरियाई विद्रोहियों के कमांड सेंटर पर हमला, 42 की …

सीरिया में हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा हमला अल-बाब शहर के समीप तुर्की समर्थित विद्रोही लड़ाकों के कमांड सेंटर पर हुआ है। आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरे वाहन को उड़ा दिया।
उत्तर कोरिया के पास है रसायनिक हथियारों का जखीरा
इसमें विद्रोहियों के दो कमांड सेंटर तबाह हो गए और 42 लोग मारे गए हैं। इनमें अधिकांश लड़ाके हैं। हमले के कुछ घंटे पहले ही विद्रोहियों ने अल-बाब शहर से इस्लामिक स्टेट (आइएस) को खदेड़ने की घोषणा की थी।
सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स के अनुसार, आत्मघाती हमला अल-बाब शहर से आठ किलोमीटर उत्तर-पूर्व सुसीयान गांव में हुआ। बड़ी तादाद में विद्रोही लड़ाकों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। सामरिक तौर पर महत्वपूर्ण यह शहर तुर्की की सीमा से महज 25 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है।
हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली है, लेकिन आमतौर आइएस ही ऐसे हमले करता है। अल-बाब शहर अलेप्पो प्रांत में आतंकियों का अंतिम गढ़ था। शहर को आइएस से मुक्त कराने के लिए विद्रोही लड़ाकों ने तुर्की सेना की मदद से पिछले साल अभियान छेड़ा था।
महीनों के खूनी संघर्ष के बाद आतंकियों को खदेड़ा जा सका था। गुरुवार को तुर्की के रक्षा मंत्री फिकरी इसिक ने शहर पर तकरीबन पूर्ण नियंत्रण करने की घोषणा की थी। शहर में आइएस द्वारा लगाए गए विस्फोटकों को निष्क्रिय करने का काम चल रहा है।





