सीतापुर में फिर सील होगा विकास भवन, सिधौली – बिसवां में भी मिले दो-दो संक्रमित

सीतापुर। जिला पंचायत राज विभाग के मुखिया के कोरोना पाॅजीटिव मिलने के बाद अब उनके स्टाफ के लोग भी कोरोना से पीड़ित मिलने लगे हैं। स्वास्थ्य महकमे द्वारा कराई गई जांच में इसी विभाग के तीन और लोग कोरोना पाॅजिटिव मिले हैं। इसे देखते हुए अब एक बार फिर विकास भवन को बंद करने की तैयारी है। वहीं दूसरी ओर सीतापुर शहर से लेकर तहसील मुख्यालयों पर भी कोरोना के सात मरीज सामने आए हैं।
सीतापुर के विकास भवन से निकलते लोगचार दिन पहले जिला पंचायत राज अधिकारी के कोरोना पाॅजीटिव मिलने के बाद उनके समस्त स्टाफ की जांच कराई गई थी। जिनकी रिपोर्ट शुक्रवार की सुबह मिली है। इनमें 29 वर्ष के तीन कर्मचारियों की रिपार्ट पाॅजीटिव आई है। अब अधिकारियों ने एक बार फिर विकास भवन को बंद करने की तैयारी शुरु कर दी है। यहां शुक्रवार को जो भी स्टाफ आया था, उन्हें वापस घर भेजा जा रहा है।
इसके साथ ही शहर के मुहल्ला खूबपुर में 29 वर्षीय युवक और कजियारा में 31 वर्षीय युवक की रिपोर्ट कोरोना पाॅजीटिव आई है। सिधौली के बाजार विवेक नगर में क्रमशः 51 व 33 वर्ष की दो महिलाएं, बिसवां के मंगरहिया बाजार में 55 वर्षीय महिला, सरवागी टोला में 52 वर्षीय पुरुष के अलावा लहरपुर के दनियालपुर में 50 वर्षीय महिला की रिपोर्ट कोरोना पाॅजीटिव आई है।
पाॅजीटिव आए इन मरीजों से संपर्क कर स्वास्थ्य महकमे ने इन्हें संबंधित अस्पतालों में भर्ती करने की तैयारी शुरु कर दी है। साथ ही संबंधित इलाकों को सील कर उनमें सेनेटाइजेशन के आदेश दिए जा चुके हैं।





