आज सपा के गढ़ में अमित शाह, करेंगे जनसभा को संबोधित

कन्नौज: बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आज सपा के गढ़ माने जाने वाले कन्नौज में परिवर्तन रैली के दौरान जनसभा को सम्बोधित करेंगे। आपको बता दें कि यूपी के सीएम अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव कन्नौज से ही सांसद हैं, ऐसे में अमित शाह के इस दौरे को भाजपा के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शनिवार को पूरे दिन अफसर और पार्टी पदाधिकारी परिवर्तन रैली की तैयारियों में जुटे रहे।
सपा के गढ़ में अमित शाह, करेंगे जनसभा को संबोधित
कार्यकर्त्ताओं को दिए गए निर्देश
जानकारी के अनुसार कन्नौज के तिर्वा कस्बे के डीएन इंटर कॉलेज के मैदान में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जनसभा होनी है। अमित शाह की परिवर्तन रैली से पहले शनिवार को जनसभा स्थल पर जनता के बैठने और आने-जाने सहित अन्य इंतजाम देखे गए। आपको बता दें कि जनसभा स्थल पर बने हेलीपैड में अमित शाह का हेलिकॉप्टर उतरेगा, जबकि मेडिकल कॉलेज में बीजेपी यूपी चीफ केशव प्रसाद मौर्य के हेलिकॉप्टर के लिए व्यवस्था की गई है।
शाम 3 बजे तक पहुंचेंगे अमित शाह
बताया जा रहा है कि अमित शाह के जनसभा स्थल पर पहुंचने के लिए 3 बजे का समय तय है। तिर्वा के सभास्थल पर दो मंच तैयार कराए गए हैं। एक मंच पर अमित शाह सहित वीवीआईपी और राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी या केंद्रीय मंत्री बैठेंगे। वहीं दूसरे मंच पर प्रदेश और जिला स्तरीय पदाधिकारी रहेंगे और बीच में परिवर्तन रथ खड़ा किया जाएगा।
अफसरों ने लिया सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की परिवर्तन रैली से पहले तिर्वा के क्षेत्राधिकारी अंबरीष सिंह भदौरिया ने बताया कि सीआरपीएफ के कमांडेंट सुनील कुमार और असिस्टेंट कमांडेंट विनीत कुमार ने उनके साथ जनसभा स्थल की सुरक्षा व्यवस्था देखी। आसपास के मकानों पर भी पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। यहां पर पुलिस और पीएसी बल के साथ ही एलआईयू व केंद्रीय खुफिया टीमें भी सतर्क रहेंगी।





