सऊदी में सालों से 150 लाशें कर रहीं अपने वतन के कफन का इंतजार

विदेश में जो लोग फंस जाते हैं और लौट नहीं पाते वो विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से सोशल मीडिया पर मदद मांग लेते हैं। लेकिन उन लोगों का क्या, जो विदेश में जान गवा बैठे हैं। वो किसके पास मदद के लिए जाएं।
सऊदी अरब से आई एक खबर ने इस मुद्दे पर सोचने के लिए मजबूर कर दिया है। 150 से अधिक भारतीयों के शव सऊदी अरब के मुर्दाघरों में अपने वतन भेजे जाने की राह देख रहे हैं।
खबरों के मुताबिक 150 से ज्यादा लोगों की लाशें पिछले करीब एक साल से सऊदी के मुर्दाघरों में रखी हैं। उनके परिवार के लोग अंतिम संस्कार के लिए उन्हें भारत नहीं ला पा रहे हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास भी इन लोगों की मदद नहीं कर पा रहा। विदेश मंत्रालय ने इस सिलसिले में दूतावास को कई पत्र भेजे हैं, लेकिन शवों को भारत वापस लाने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है। विदेश मंत्रालय के अधिकारी भी इस बारे में अपनी असहायता दिखाते हैं।