संवेदनहीनता: केजीएमयू में गार्ड ने मरीज को पीटा, पत्‍नी व बच्चों को भी बाल पकड़कर खींचा……

केजीएमयू में गार्डो की दबंगई चरम पर पहुंच चुकी है। पीआरओ कार्यालय में फर्श पर बैठे फ्रैक्चर के मरीज पर कहर बरपा दिया। बीच-बचाव करने पर उसकी पत्‍नी व बच्चों को भी बाल पकड़कर खींचा। मामले की शिकायत पुलिस से की गई, जिसके बाद गार्ड फरार हो गया।

बाराबंकी निवासी विद्या प्रसाद 29 जनवरी को दुर्घटना के शिकार हो गए थे। उनके दोनों पैर में फ्रैक्चर हो गया था। परिजन इलाज के लिए उन्हें लेकर केजीएमयू आए थे। यहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर इंप्लांट डाल दिए। ऐसे में अभी उनके पैरों का मूवमेंट सही नहीं हो सका। ठीक से उठना-बैठना भी मुश्किल है। डंडे के सहारे चलते हैं। बुधवार को विद्या प्रसाद परिवार के साथ केजीएमयू आए थे। उन्हें इलाज संबंधी दस्तावेज व रिपोर्ट लेने थी। वह मुख्य पीआरओ भवन गए।

यहां काउंटर नंबर नौ पर लंबी लाइन लगी थी। ऐसे में पैर में दर्द होने पर मरीज विद्या प्रसाद परिवार के साथ गैलरी में फर्श पर बैठ गए। वहां से गुजरे गार्डो ने तुंरत विद्यासागर व उनके परिवार से उठने को कहा। इसके बाद पत्‍नी व बच्चे तो हट गए, लेकिन पैर का ऑपरेशन होने से विद्यासागर तुरंत नहीं हट सके। वह अपनी छड़ी मांगने लगे। इसी दरम्यान गार्ड उनके बाल पकड़कर घसीटने लगा और विरोध करने पर पीटा। पत्‍नी व बच्चे ने विद्यासागर को बचाने के लिए गार्ड का हाथ पकड़ लिया तो उनके भी बाल पकड़कर खींचा और धक्का देकर भवन से बाहर निकाला।

Back to top button