सीएम अखिलेश ने शहीदों के परिजनों को दिया 25-25 लाख का चेक

लखनऊ. सीएम अखिलेश यादव ने शनिवार को 4 शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। इसके साथ ही सीएम अखिलेश ने नोटबंदी से मरने वाले यूपी के 14 लोगों के परिवार वालों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की। शहीदों के परिजनों को सीएम ने 25-25 लाख रुपए का चेक दिया जबकि नोटबंदी की वजह से मरने वाले लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक मदद की। इसी क्रम में सीएम अखिलेश ने पुलिस लाठीचार्ज में मारे गए टीचर के परिजनों को भी आर्थिक सहायता दी।
नोटबंदी की जमकर आलोचना
सीएम अखिलेश ने आज नोटबंदी की जमकर आलोचना की। सीएम अखिलेश ने कहा कि जो सरकार आम जनता को दुख देती है, जनता भी उसे हटा देती है। सीएम ने कहा कि पीएम मोदी के नोटबंदी के फैसले से जनता को सिर्फ पेरशानी हुई है।
नोटबंदी से खत्म नहीं होगा कालाधन और भ्रष्टाचार
सीएम अखिलेश ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हम समाजवादी लोग भी कालाधन और भ्रष्टाचार खत्म करना चाहते हैं। इसके लिए समाजवादी लोग प्रयास भी कर रहे हैं, लेकिन ऐसा नोटबंदी करने से नहीं होगा। नोटबंदी से भ्रष्टाचारियों के हौसले और भी बुलंद हुए हैं।
सपा 2017 में फिर से बनाएगी सरकार
सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि 2017 में सपा फिर से सरकार बनाएगी। सीएम ने कहा कि चुनाव नजदीक है और विकास के साथ नोटबंदी भी मुद्दा होगा। सीएम ने कहा विकास और प्रदेश को आगे ले जाने के लिए सपा की सरकार का बनना बहुत जरुरी है।





