वेनेज़ुएला में भूकंप से मरने वालों की संख्या 900 के पार, 50 हजार से ज्यादा लापता

दोहरे भूकंप की मार झेल रहे वेनेजुएला में मौत का आंकड़ा 900 से पार हो चुका है और 50 हजार से ज्यादा लोग लापता हैं। शुक्रवार को वेनेज़ुएला के लोग और बचाव दल बचे हुए लोगों को खोजने की कोशिश में जुटे रहे। भूकंप के लगभग दो दिन बाद विदेशी टीमें और मदद प्रभावित इलाकों में पहुंचनी शुरू हुई हैं।
सरकार ने बताया कि बुधवार शाम को काराकस और उसके आस-पास के इलाकों में भूकंप से भारी तबाही के बाद 172 लोग फंसे हुए हैं, 920 लोगों की मौत हो गई है और 3,360 लोग घायल हैं। 50,000 से ज्यादा लोगों के लापता होने की खबर है।
शुक्रवार को फिर हिली जमीन
शुक्रवार दोपहर को एक बार फिर जमीन हिली। 4.9 तीव्रता का यह भूकंप राजधानी काराकस और पास के शहर माराके में महसूस किया गया। ला गुएरा राज्य जैसे सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
भारी मशीनों की कमी और सरकारी मदद कम होने की वजह से स्थानीय लोग और वॉलंटियर अभी भी हाथों से मलबा हटाकर लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
पीड़ितों का क्या कहना है?
25 साल की जेनिफर पैलासियोस ने बताया कि उनका 6 साल का बेटा और परिवार के पांच अन्य सदस्य ला गुएरा शहर के ह्यूगो शावेज हाउसिंग कॉम्प्लेक्स (जिसमें आठ टावर हैं) के मलबे में दबे हुए हैं।
उन्होंने कहा, “लोगों को जिंदा बाहर निकालने का काम समुदाय के लोगों ने ही किया है। हमें मलबे के बड़े टुकड़ों को हटाने के लिए क्रेन की जरूरत है। अभी भी कुछ लोग अंदर फंसे हुए हैं।”
कितना हुआ नुकसान
संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के अनुसार, 7.2 और 7.5 तीव्रता वाले दो भूकंपों से लगभग 6.7 अरब डॉलर का सीधा नुकसान हुआ। दूसरा भूकंप वेनेजुएला में एक सदी से भी ज्यादा समय में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप था।
दर्जनों इमारतें टूटे हुए कंक्रीट और मुड़ी हुई मेटल में तब्दील हो गईं। कुछ खंडहरों पर इमारतों के नाम स्प्रे-पेंट किए गए थे ताकि बचाव दल को जगहों की पहचान करने में मदद मिल सके। वॉलंटियर्स ने काराकास और वालेंसिया से मोटरसाइकिल पर सामान पहुंचाया।





