वीवीपैट से मतदान होगा पारदर्शी वोटरों का भी बढ़ेगा विश्वास

आगामी लोकसभा चुनाव में सभी बूथों पर वीवीपैट लगी ईवीएम से वोटिंग होगी। इससे मतदान और पारदर्शी होगा। मतदाता जान सकेंगे कि उनका वोट सही पड़ा कि नहीं। डीएम मो. सोहैल ने ये बातें समाहरणालय परिसर स्थित मतदाता सहायता केंद्र के उद्घाटन करते हुए कहीं। यहां मतदाताओं को सहायता के अलावा प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। केंद्र के उद्घाटन के समय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
डीएम ने कहा कि सुगम मतदान के लिए मतदाताओं को चुनावी प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही। इसके तहत ईवीएम/वीवीपैट से वोटिंग का प्रशिक्षण भी मिल रहा। ताकि, कोई भी मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न हो। उन्होंने कहा कि वोटिंग की इस पद्धति से मतदाता संतुष्ट हो जाते हैं कि उनका वोट उसी उम्मीदवार को पड़ा जिसके लिए बटन दबाया था। इससे वोटिंग की सत्यता प्रमाणित होती है।
वोट देने के बाद वीवीपैट से एक पर्ची डिस्प्ले स्क्रीन में सात सेकेंड तक दिखाई देगी। इसे देखकर मतदाता आश्वस्त हो सकेंगे। डीएम ने कहा कि स्वीप कार्यक्रम में पंचायत एवं गांव स्तर पर ईवीएम/वीवीपैट से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम मोबाइल वैन से भी किया जाएगा। उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक कार्य दिवस में कोई भी व्यक्ति इस केंद्र में आकर चुनावी प्रक्रिया से अवगत हो सकता है।
वहीं शंकाओं का समाधान भी। इस दौरान सभी पार्टी के जिलाध्यक्ष भी मौजूद थे। वहीं समाहरणालय सभाकक्ष में मीडियाकर्मियों को भी प्रशिक्षण दिया गया। इसमें मीडियाकर्मियों ने डमी वोट डाले।





