लोकसभा चुनाव 2019: सुल्तानपुर में बूथ कैप्चरिंग का लगाया आरोप, महागठबंधन प्रत्याशी से भिड़ीं मेनका गांधी

लोकसभा चुनाव 2019 के छठे चरण के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं. उत्तर प्रदेश में कई वीआईपी सीटों पर वोटिंग जारी है. मतदान के बीच सुल्तानपुर लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी मेनका गांधी ने महागठबंधन के प्रत्याशी सोनू सिंह पर बड़ा आरोप लगाया है. मेनका ने उनपर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया है, इस दौरान सुल्तानपुर में बीच सड़क पर दोनों प्रत्याशियों के बीच तीखी बहस भी हो गई.
दरअसल, मेनका गांधी मतदान के दौरान आज पोलिंग बूथ पर जाकर जायजा ले रही हैं, इस दौरान रास्ते में उनकी बहस भी हुई. मेनका और सोनू सिंह की गाड़ी जब आमने-सामने आई, तो दोनों प्रत्याशियों के बीच जमकर तू-तू-मैं-मैं हुई.
मेनका गांधी ने आरोप लगाया कि सोनू सिंह के समर्थक वोटरों को डरा धमकाकर अपने पक्ष में वोट करवा रहे हैं. उन्होंने कहा कि उनके साथ एक लड़का है, जो फरार है वो लोगों को डराकर वोट डलवा रहा है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सोनू सिंह के साथी कई बूथों पर खड़े हैं और मतदाताओं पर दबाव बना रहे हैं.





