लेडी सिंघम: पोल खोलने वाली डीआईजी का हुआ ट्रांसफर

कर्नाटक सरकार ने सोमवार को डीआईजी रूपा डी मुद्गल का तबादला कर दिया है। ये वही पुलिस अफसर हैं जिन्होंने जेल के आला अधिकारियों पर शशिकला से घूस लेने का आरोप लगाया था। इनका कहना था कि शशिकला ने वीआईपी ट्रीटमेंट पाने के लिए बेंगलुरु सेंट्रल जेल के अफसरों को 2 करोड़ रुपयों की घूस दी। रूपा का तबादला अब इंस्पेक्टर जेनरल ऑफ पुलिस कमिश्नर फॉर ट्रैफिक एंड रोड सेफ्टी के रूप में किया गया है।

मुदगिल ने अपनी विवादित रिपोर्ट में लिखा कि उनके सुनने में आया है कि जेल के वरिष्ठ अधिकारियों को शशिकला ने 2 करोड़ रुपये की घूस दी है जिससे उन्हें जेल के अंदर सुख-सुविधाएं मिल सकें। इसमें डायरेक्टर सेंट्रल ऑफ प्रिजन एच एन सत्यनारायण राव का भी नाम था। इसके तहत शशिकला को अपना एक किचन भी मिला।
राव का भी तबादला कर दिया गया है लेकिन उनपर किसी तरह के आरोप निर्धारित नहीं किए गए हैं। वो इस महीने के अंत में ही सेवानिवृत्त होने वाले हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि ये तबादले इस लिए किए गए हैं जिससे निष्पक्ष जांच हो सके। मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने इस मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच कमिटी की अध्यक्षता सेवानिवृत्त आईएएस अफसर विनय कुमार करेंगे।





