लूट की नीयत से फाइनेंसर के घर में घुस गए हॉस्पिटल के दो लोग, गोली मारी

लुधियाना.नशे में धुत डीएमसी हॉस्पिटल के दो मुलाजिम लूट की नीयत से फाइनेंसर के घर में घुस गए। लुटेरों ने इलेक्ट्रॉनिक सेफ का कोड न देने पर फाइनेंसर और उसकी पत्नी को गोली मार दी। एमआईजी फ्लैट दुगरी के रहने वाले फाइनेंसर सुनील गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी नीलम गुप्ता ने डीएमसी हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। दोपहर 2.30 बजे के करीब लुटेरे जब वारदात को अंजाम दे रहे थे तभी अचानक सुनील का बेटा राहुल घर पहुंच गया। एक लुटेरे ने उसे गन पॉइंट पर ले लिया।

उधर गोली चलने की आवाज सुनते ही सामने कोठी में काम कर रहा वरिंदर चौधरी साथियों समेत फाइनेंसर के फ्लैट में पहुंच गया। एक लुटेरे ने राहुल को गन पॉइंट पर लिए हुए ही सबको धमकाया और पैदल ही भाग निकला। वहीं नशे में धुत दूसरा लुटेरा फ्लैट की छत पर चढ़ गया। वहां से भागने का कोई रास्ता न मिलने पर उसने नीचे छलांग लगा दी, जिससे उसका पैर मुड़ गया। गिरने से उसका असलहा गिर गया और वह उठ नहीं पाया। लोगों ने उसे काबू कर जमकर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही सीपी, डीसीपी, एडीसीपी-2, एडीसीपी-3 समेत थाना दुगरी, शिमलापुरी और डाबा की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से पिस्टल, मोबाइल, बाइक लूटी हुई चेन और अंगूठी बरामद की है।
ये भी पढ़े: फर्जी पुलिस वाले बनकर आए डॉक्टर की पत्नी को उठा ले गए, बचकर थाने पहुंची
हालांकि पुलिस बरामदगी की बात से इंकार कर रही है। पुलिस ने दोनों लुटेरों पर कत्ल का मामला दर्ज कर लिया है। पकड़ा गया लुटेरा बाजवा कॉलोनी का रहने वाला काला और फरार लुटेरा बाजवा कॉलोनी का राजू तिवारी है। पुलिस काला को लेकर राजा के घर पहुंची लेकिन वह पहले ही फरार हो चुका था। बताया जा रहा है कि राजा ने अपने घर पहुंच कर गोली भी चलाई, हालांकि पुलिस इस बात से इंकार कर रही है। जानकारी के अनुसार सुनील ने फ्लैट के बाहर ही फाइनेंस का दफ्तर बनाया हुआ है। दफ्तर से ही उसके फ्लैट में जाने का रास्ता भी है। शुक्रवार दोपहर सुनील दफ्तर में बैठा था। तभी दोनों लुटेरे सुनील के दफ्तर में घुसे और उसे गन पॉइंट पर ले लिया। एक लुटेरा फ्लैट में चला गया। दूसरा दफ्तर में इलेक्ट्रॉनिक्स सेफ तोड़ने की कोशिश करने लगा। उस समय नीलम बाथरूम में थी। सेफ का कोड न देने पर लुटेरे ने सुनील को गोली मार दी। आवाज सुन कर नीलम ने बाथरूम का दरवाजा खोला तो दूसरे लुटेरे ने उसे भी गोली मार दी। पुलिस का कहना है कि सुनील के सिर और गले पर और नीलम के मुंह और पेट पर गोली मारी गई है।





