लखनऊ की मस्जिदों में मिले 23 विदेशी, जानिये कितने लोग शामिल हुए थे दिल्ली जलसे में

लखनऊ : यहाँ 23 विदेशी नागरिक मिले हैं। इनमें 17 बांग्‍‍‍लादेश के रहने वाले हैं। दो कजाकिस्‍तान, दो तजाकिस्‍तान और दो अन्‍य करगिस्‍तान के रहने वाले हैं। वहीँ आईआईएम रोड एक मस्जिद से सात और काकोरी के पलियां गांव स्थित मस्जिद से 10 बांग्‍लादेशी मिले हैं। पुलिस आयुक्‍त सुजीत पांडेय के मुताबिक अब तक की पड़ताल में सामने आया है कि दिल्‍ली में हुए मरकज से इनका कोई संबंध नहीं है। हालां‍कि राजधानी के 18 लोगों के उस जलसे में शामिल होने की बात सामने आई है, जिन्‍हें दिल्‍ली में ही क्‍वारंटाइन किया गया है।
उधर, अमीनाबाद के मरकज वाली मस्जिद में विदेशी नागरिकों के पहुंचने की जानकारी मिलने पर पुलिस आयुक्‍त और जिलाधिकारी पहुंचे। इसके बाद छानबीन की गई तो पता चला कि कजाकिस्‍तान, तजाकिस्‍तान और करगिस्‍तान के छह लोग मस्जिद में रुके हैं। पूछने पर उन लोगों ने बताया कि वह टूरिस्‍ट वीजा पर 13 मार्च को लखनऊ आए थे। इस दौरान उन लोगों ने किराए पर कमरा भी लिया था। हालांकि मस्जिद में ही ठहरे हैं। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने सभी का स्‍वास्‍थ्‍य परीक्षण कराया। विदेशी नागरिकों का कहना है कि वह दिल्‍ली स्थित जलसे में शामिल नहीं हुए थे। उनका उससे कोई लेना देना नहीं है।
हजरत निजामुददीन नई दिल्‍ली में मरकज में शामिल हुए लोगों के दिल्‍ली में ही होने की बात बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक लखनऊ से कुल 18 लोग वहां शामिल हुए थे। इनमें सहाबुददीन, नसीर, मपाफी, सिराज, आरिफ, जावेद,मेराजुददीन, मोइनुददीन, खालिद, अब्‍दुल मन्‍नान, अम्‍मार, इमरान, असरार, आकिस, अब्‍दुल रहमान, इजहार, अतौर्रहमान और गुलामुददीन शामिल हैं।

Back to top button