राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ में रेलवे ट्रैक पर पिता सहित दो बच्चों की ट्रेन से कटकर हुई मौत

 राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ में रेलवे ट्रैक पर सोमवार देर रात ट्रेन से कटकर दो बच्चों और उनके पिता की मौत हो गई। इस हादसे से आसपास सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची सूरतगढ़ सिटी पुलिस ने शवों को रेलवे ट्रैक से हटाकर राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतकों के परिजनों को सूचित किया गया है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात रंगमहल स्टेशन मास्टर ने सूचना दी कि दो बच्चों और एक व्यक्ति के शव रेलवे ट्रैक पर पड़े है, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों की शिनाख्त की। शिनाख्त के दौरान पता चला कि मृतक का नाम रुघा राम है जो श्रीगंगानगर के ही रामपुरा गांव का रहने वाला था साथ ही उसके साथ उसके 5 और 3 साल के बच्चों के शव भी ट्रैक पर पड़े है।

इसके बाद पुलिस ने तीनों के शवों को ट्रैक से हटाकर मोर्चरी में रखवाया, फिलहाल इस संबंध में किसी ने मामला दर्ज नहीं करवाया है। वहीं पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है कि यह आत्महत्या है या फिर दुर्घटनावश ट्रेन की चपेट में आए है।  

Back to top button