राजधानी: लखनऊ में घर के बारह खेल रही 8 साल बच्ची के साथ दुष्कर्म, आरोपी निकला पड़ोसी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नित नये अपराध सामने आ रहे हैं। हालत यह है कि राजधानी लखनऊ तक सुरक्षित नहीं रही। राजधानी लखनऊ में गुरुवार को निगोहां क्षेत्र के एक गांव में आठ साल की मासूम लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। हैरान करने वाली बात यह है कि दुष्कर्म की घटना को लड़की के पड़ोसी ने ही अंजाम दिया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक निगोहां थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार सुबह आठ साल की बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। आरोप है कि इसी बीच पड़ोसी नीरज यादव बच्ची को उठाकर खेतों में बनी एक झोपड़ी में ले गया, जहां बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया। दुष्कर्म की वारदात के बाद आरोपी भाग निकला।

बताया जाता है कि बच्ची की चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बच्ची को बदहवास हालत में देख लड़की के परिजनों और पुलिस को सूचना दी गयी।

पीड़ित बच्ची के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित नीरज के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो और एससीएसटी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। फरार आरोपी को पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है।

सीओ निगोहां नइमुल हसन के मुताबिक आरोपी बच्ची को बहला-फुसला कर खेतों में ले गया था, जहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button