सीएम योगी से मिलेंगे सुब्रमण्यम स्वामी, राम मंदिर पर होगी बात

नई दिल्‍ली। राम मंदिर मुद्दे को लेकर भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी की याचिका कोर्ट में खारीज हो चुकी है। इसके बाद अब वो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलेंगे। इस दौरान वो मुख्यमंत्री से राम मंदिर मद्दे पर भी चर्चा करेंगे। इसकी पुष्टि करते हुए उन्‍होंने कहा कि राम मंदिर के मुद्दे पर इस मुलाकात में खासतौर पर बात होगी, क्‍योंकि दोनों नेता ‘हिंदुत्‍व में भागीदार’ हैं।

योगी से मुलाकात के बारे में बताते हुए स्‍वामी ने कहा, ‘यह एक अनौपचारिक यात्रा है। वह मुझे जानते हैं और उनके गुरु मुझे बेहद नजदीक से जानते थे। हम दोनों हिंदुत्व में साझीदार हैं। जब वह यहां थे, तो उनके पास समय का बेहद अभाव था। इसलिए उन्‍होंने मुझसे लखनऊ आकर मिलने के लिए कहा था। इस बैठक में हमारे बीच राम मंदिर पर निश्चित रूप से चर्चा होगी, लेकिन यह एक अनौपचारिक मुलाकात है।’

आदित्यनाथ को एक बहुत ही दृढ़ व्यक्ति के रूप में वर्णित करते हुए, भाजपा नेता ने आगे कहा कि यदि मुख्यमंत्री एक वादा करता है, तो वह इसे पूरा करेगा। बता दें कि मुख्‍यमंत्री पद की शपथ लेने के दो सप्ताह बाद आदित्यनाथ अपनी पहली कैबिनेट बैठक आज करने जा रहे हैं, जहां उम्मीद की जाती है कि किसानों के ऋण माफी के मुद्दे पर चर्चा होगी।

राज्‍य के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने मीडिया से कहा, ‘कैबिनेट की बैठक आज शाम 4 से 5 बजे के बीच होनी तय हुई है।’

किसानों के ऋण को माफ करने का प्रस्ताव कैबिनेट को भी भेजा गया था। बता दें कि भाजपा ने अपने घोषणापत्र में किसानों के ऋण को माफ करने का वादा किया था। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव अभियान के दौरान भी ऐसा वादा यूपी की जनता से किया था।

Back to top button