ये देखिये भारत का सबसे महंगा घर

linkon-house-300x157मुंबई। किसी घर को खरीदते समय उसकी कीमत कम कराने की कोशिश हर कोई करता है। आशियाना लाख-दो लाख कम कीमत पर मिल जाए तो बल्‍ले-बल्‍ले। लेकिन जरा सोचिए कि क्‍या कोई अपने नए आशियाने की कीमत 100 करोड़ तक कम करा सकता है। आपको यकीन नहीं होगा लेकिन यह सच है। इसके बावजूद यह भारत का सबसे महंगा घर है।

लिंकन हाउस

कीमत 750 करोड़

पुणे के कारोबारी साइरस पूनावाला ने दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी में बने लिंकन हाउस को 750 करोड़ रुपए में खरीदा है। अमेरिकी काउंसलेट के अधीन इस आलीशान मकान की कीमत 850 करोड़ रुपए रखी गई थी। मोलभाव के बाद कीमत में 100 करोड़ की कमी की गई है।

जटिया हाउस

एक हफ्ते में तोड़ा रिकार्ड

अभी एक हफ्ते पहले उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला ने 425 करोड़ रुपए में मालाबार हिल्स इलाके में जटिया हाउस खरीदा था। यह भारत में सबसे ऊंची कीमत का आशियाना था। लेकिन अब यह तमगा लिंकन हाउस को मिल गया है। मुंबई में जमीन-जायदाद का यह अबतक का सबसे बड़ा सौदा है। साइरस पूनावाला इस बंगले का इस्तेमाल अपने घर के तौर पर करेंगे।

 दो एकड़ में बनी है यह इमारत

लिंकन हाउस दो एकड़ में बना है। इसमें खड़ी इमारत 50,000 वर्ग फीट में बनी है। यह बंगला ग्रेड-3 लेवल का है। यानी पूनावाला चाहें तो बंगले में बदलाव कर सकते हैं।

साइरस पूनावाला

टॉप टेन अमीरों में पूनावाला

पूनावाला भारत के 8वें और दुनिया के 208वें सबसे अमीर इंसान हैं। फोर्ब्‍स के मुताबिक पूनावाला 53 हजार करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। वे दुनिया की सबसे बड़ी वैक्सीन फैक्ट्री सेरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के चेयरमैन हैं। पूनावाला देश के सबसे बड़े स्टड फार्म (घोड़ों का प्रजनन केन्‍द्र) के मालिक भी हैं।

लिंकन हाउस का इतिहास

लिंकन हाउस दरअसल वांकानेर के राजा प्रताप सिंह झाला का बंगला था। भारत के आजाद होने के बाद 1957 में अमेरिका ने इसे लीज पर लेकर काउंसलेट ऑफिस बनाया। तब यह लिंकन हाउस कहलाया। अमेरिका ने इसे साल 2011 में बेचने का फैसला किया था।

 

 

Back to top button