मौसम का हाल: यूपी में जून के इस हफ्ते दे सकता है मॉनसून दस्तक

लगातार पिछले छह वर्षो से देरी से आने वाली मानसून की गाड़ी इस बार भी सप्ताह भर लेट हो गई। अपने नियत समय पर पंद्रह जून को उत्तर प्रदेश पहुंचने के बजाय अब 20-24 जून के बीच पहुंचने की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तरी-पूर्वी हवाएं चल रही हैं। इसके असर से अभी 48 घंटे सूर्य की तपन से जहां राहत मिलने वाली है।

वहीं, कहीं-कहीं पांच से 10 मिली वर्षा के भी आसार हैं। वर्ष 2011 से अब तक के आंकड़ों पर गौर करें तो नियत समय 15 जून को मानसून कभी उत्तर प्रदेश में प्रवेश नहीं कर पाया। वर्ष 2011 में जहां 21 जून को मानसून यूपी पहुंचा था। वहीं वर्ष 2012 में 19 जून को, 2013 में 18 जून को, 2014 में 23 जून को, 2015 में 25 जून को और वर्ष 2016 में पखवारा भर देरी से दो जुलाई को यूपी में प्रवेश किया था।
नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार वर्तमान में भी यूपी में मानसून कम से कम पांच दिन लेट सबसे पहले वाराणसी पहुंचेगा। मंगलवार की अपेक्षा बुधवार के तापमान में साढ़े छह डिग्री की वृद्धि हुई। रविवार का तापमान अधिकतम 43.8 डिग्री, सोमवार का 39.5, मंगलवार का 28.5 डिग्री रहा।
यह भी पढ़ें: आज कानपुर में गरजेगे सीएम योगी आदित्यनाथ
वहीं बुधवार को दिन का तापमान अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आद्रता में एक दिन पहले की अपेक्षा 4.62 की वृद्धि होकर बुधवार को यह अधिकतम 84.62 पहुंच गया। हवा की गति 5.4 किमी प्रति घंटा उत्तरी-पूर्वी रही। कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग ने तापमान में बढ़ोत्तरी न होने के बजाय उमस बरकरार रहने की संभावना जताई है।





