मुजफ्फरपुर बालिका गृह मामले में CBI का बड़ा खुलासा: तेजस्वी ने कहा-बर्खास्त करो एेसी सरकार

सीबीआइ ने मुजफ्फरपुर बालिका गृह मामले में बड़ा खुलासा करते हुए बताया है कि ब्रजेश ठाकुर ने ही अपने सहयोगियों के साथ मिलकर 11 लड़कियों की हत्या की और उनके शव दफना दिए। मिट्टी की खुदाई में मिली हड्डियों की जांच के बाद ये खुलासा हुआ है। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार की नीतीश सरकार को आड़े हाथों लिया है और राज्यपाल से तुरत इस सरकार को बर्खास्त करने की मांग की है।

तेजस्वी ने ट्वीट कर लिखा है कि नीतीश कुमार के अति क़रीबी दुलरवा ब्रजेश ठाकुर ने सीएम के संरक्षण मे 34 बच्चियों का सत्ताधारी नेताओं द्वारा सामूहिक बलात्कार के उपरांत 11 बच्चियों को मारकर गाड़ दिया। हिंदू रीति से दाह-संस्कार भी नहीं किया। बाक़ी बच्चियां अभी भी ग़ायब है। नीतीश सरकार पूर्णत: नंगी हो चुकी है।

अपने अगले ट्वीट में ज्ञानी ध्यानी प्रवचनकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी आज फिर बिहार आ रहे हैं, लेकिन इस घिनौने कुकृत्य पर उनकी ज़ुबान नहीं खुलेगी क्योंकि उनके मित्र नीतीश कुमार और बीजेपी के कई मंत्री इस जनबलात्कार कांड में संलिप्त है। सीबीआइ के अंतरिम निदेशक को इन बलात्कारियों को बचाने के लिए ही सजा मिली थी।

नीतीश कुमार में शर्म बची है तो मुज़फ़्फ़रपुर बालिका गृह बलात्कार कांड में साक्ष्य मिलने के बाद तो अब माफ़ी मांग लेनी चाहिए।

तेजस्वी ने सीएम नीतीश से सवाल पूछा है कि बताएं- नीतीश कुमार ब्रजेश ठाकुर के मुज़फ़्फ़रपुर घर क्या करने जाते थे? उन्होंने उस दरिंदे पर FIR क्यों नहीं की? बाद में की तो पॉक्सो एक्ट की धारा क्यों नहीं लगाई?

तेजस्वी ने राज्यपाल से गुजारिश की है कि हम महामहिम राज्यपाल से अनुरोध करते है कि मुज़फ़्फ़रपुर बलात्कार कांड में नीतीश सरकार की पूर्ण संलिप्तता पाए जाने के बाद इस अनैतिक एवं व्यभिचारी नीतियों और कुछेक दुराचारी मंत्रियों से युक्त सरकार को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करे तभी बिहार की माताएं और बहन-बेटी सुरक्षित रह सकेंगी।

Back to top button