मुंबई: स्विमिंग पूल में डूबने से 5 साल की बच्ची की मौत, पिता ने की एफआईआर की मांग

मुंबई ! मुंबई के ट्राम्बे स्थित भाभा अॅटोमिक रिसर्च (बीएआरसी) कांप्लेक्स के स्विमिंग पूल में 5 साल की बच्ची की डूबने से मौत हो गई। जिसके बाद उसके पिता ने स्विमिंग कोच के खिलाफ एफआईआर की मांग की है। उसके पिता का कहना है कि वह इसलिए डूबी क्योंकि पूल में इस्तेमाल होने वाली रोप गायब थी। 5 साल की अनुष्का के पिता नीरज बीएआरसी में साइंटिफिक अफसर हैं।
वह चाहते हैं कि कोच के अलावा लाइफ गार्ड और पूल प्रबंधन के खिलाफ भी मामला दर्ज हो। जबकि पुलिस ने आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज की है। नीरज का कहना है कि अगर जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही का पता चलता है तो एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वहां दो स्विमिंग पूल हैं। बच्चों के लिए 2 फीट गहरा और वयस्कों के लिए 4.5 फीट गहरा। उनकी दोनों बेटियां वयस्कों वाले पूल में गईं क्योंकि अनुष्का 3 फीट लंबी थी। उनकी बड़ी बेटी ने कोच से कहा भी कि अनुष्का के पास रोप नहीं है लेकिन फिर भी कोच ने नहीं सुना और उसे पूल में जाने दिया।
उन्होंने कहा कि उनकी बड़ी बेटी पूल में तैर रही थी लेकिन छोटी बेटी को दिक्कत हो रही थी। वहां मौजूद तैराकों ने कोच और लाइफगार्ड को बताने की कोशिश की लेकिन किसी ने नहीं सुना। इसके बाद किसी ने दोबारा उन लोगों को बोला तब जाकर उनमें से एक ने स्विमिंग पूल में जाकर अनुष्का को बाहर निकाला। जब उसे अस्पताल ले जाया गया तो वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले पर ट्राम्बे पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ इंस्पेक्टर प्रकाश सालवी का कहना है, ‘अभी तो हमने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है, जांच की जा रही है। अगर जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो ऐसी संभावना है कि आकस्मिक मौत की रिपोर्ट एफआईआर में बदल जाए।’

Back to top button