भूखों मरने को मोहताज होगा पाकिस्तान, अब भारत वापस लेगा….

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के उरी में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रवैया अपनाते हुए पाकिस्तान को सबक सिखाने का फैसला कर लिया है। इसी कड़ी में भारत अब पाकिस्तान से मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्जा छीन सकता है। दरअसल, भारत अब पाकिस्तान पर दोहरे कूटनीतिक हमले की तैयारी में है, इस नीति के तहत भारत पाकिस्तान से सिंधु जल संधि खत्म कर सकता है और दूसरा पाकिस्तान को मिलने वाले मोस्ट फेवर्ड नेशन (MFN) का दर्जा समाप्त कर सकता है। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अर्जुन मेघवाल ने एक टीवी चैनल से बातचीत में इस बात का इशारा किया है।

1asharifmपाक पर यह पड़ेगा असर

यदि भारत पड़ोसी देश पाकिस्तान से मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्जा वापस लेता है तो पाकिस्तान को कई मसलों पर भारत का समर्थन नहीं मिल सकेगा और पाकिस्तान को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इससे पहले भी सरकार पाकिस्तान को अलग-थलग करने का ऐलान कर चुकी है।

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री मेघवाल ने कहा कि भारत व्यापार संबंधों से अधिक तवज्जो देश की सुरक्षा को देता है। उन्होंने कहा कि जब पाकिस्तान को मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्जा दिया गया, उस वक्त स्थिति अलग थी। लेकिन, अब हालात बदल चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये पहली बार है जब भारत पाक के एमएफएन स्टेट्स को रिव्यू कर रहा है। इससे पहले सुब्रमण्यम स्वामी सहित कई भाजपा नेताओं व रिटायर्ड सैनिक पाकिस्तान से एमएफएन का दर्जा वापस लेने के लिए सरकार से अपील कर चुके हैं।

यह होता है मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्जा

वर्ल्ड ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन और इंटरनेशनल ट्रेड नियमों को लेकर एमएफएन स्टेट्स दिया जाता है। एमएफएन स्टेट्स दिए जाने पर दूसरा देश इस बात को लेकर आश्वस्त रहता है कि उसे व्यापार में नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। भारत ने पाकिस्तान को 1996 में एमएफएन का दर्जा दिया था। इसकी वजह से पाकिस्तान को अधिक आयात कोटा और कम ट्रेड टैरिफ मिलता है। हालांकि, बदले में पाकिस्तान ने आश्वासन देने के बावजूद भारत को अब तक एमएफएन दर्जा नहीं दिया है।

Back to top button