भाजपा के लाड और कांग्रेस के माने के बीच होगी भिड़ंत, इसलिए नहीं दिया राणे को टिकट

मुंबई. भाजपा ने पार्टी के निष्ठावान नेता व प्रदेश प्रवक्ता माधव भंडारी की दावेदारी को दरकिनार कर राष्ट्रवादी कांग्रेस से आए प्रसाद लाड को विधान परिषद उपचुनाव के लिए मैदान में उतारा है। लाड को शिवसेना ने भी समर्थन दिया है। कांग्रेस ने सोलापुर दक्षिण सीट के पूर्व विधायक दिलीप माने को विपक्ष का उम्मीदवार बनाया है। शिवसेना के भारी दबाव के कारण भाजपा ने सहयोगी दल महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे को टिकट नहीं दिया।
सोमवार को नामांकन भरने के आखिरी दिन भाजपा उम्मीदवार लाड और कांग्रेस प्रत्याशी माने ने नामांकन पत्र भरा। उपचुनाव के लिए आगामी 7 दिसंबर को मतदान होगा। इस सीट के लिए विधान सभा सदस्य मतदान करेंगे। हालांकि विधान सभा में भाजपा और शिवसेना के विधायकों की संख्या बल को देखते हुए लाड की जीत तय मानी जा रही है। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रावसाहब दानवे ने कहा कि पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष लाड को शिवसेना ने भी समर्थन दिया है। इसलिए हमें पूरा विश्वास है कि लाड प्रचंड वोटों से विजयी होंगे। माधव भंडारी को टिकट न दिए जाने के सवाल पर दानवे ने कहा कि पार्टी में कई नेता चुनाव लड़ने के इच्छुक और लायक थे। पर पार्टी के संसदीय बोर्ड ने जिसके नाम पर मुहर लगाई, उसी को उम्मीदवारी दी गई है।
इसलिए पार्टी में नाराजगी का सवाल ही नहीं उठता है।
शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे से चर्चा के बाद लाड को उम्मीदवार बनाया है। चुनाव में शिवसेना के सभी विधायक उन्हें वोट डालेंगे।
भंडारी टिकट न मिलने से नाराज बताए जा रहे हैं। वे पार्टी के प्रदेश कार्यालय में भी नजर नहीं आए। लेकिन भंडारी की नाराजगी पर लाड ने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। इधर, भाजपा खेमे में उम्मीदवारी के लिए पार्टी की प्रदेश कोषाध्यक्ष सायना एनसी के नाम की भी चर्चा थी। लेकिन मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले लाड पार्टी के दोनों पुराने नेताओं पर भारी पड़े।
ये भी पढ़ें: हनीप्रीत के खिलाफ चार्जशीट पेश, 6 से 7 लोगों को बनाया गवाह
दूसरी तरफ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने कहा कि पार्टी ने पूर्व विधायक माने को विपक्ष का उम्मीदवार बनाया है। माने को राष्ट्रवादी कांग्रेस, सपा, शेकाप समेत समान विचारधारा वाले दलों ने समर्थन दिया है। चव्हाण ने कहा कि भले ही संख्या बल हमारे पक्ष में नहीं है लेकिन हमें चमत्कार की उम्मीद है। चव्हाण ने कहा कि कांग्रेस के पक्ष में अदृश्य बाण चल सकते हैं





