बैंक में नौकरी लगवाने के नाम 50 लाख की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार

लखनऊ ब्यूरो। लखनऊ की साइबर सेल टीम ने गुडम्बा के अलीनगर इलाके से शुक्रवार को एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया अभियुक्त ऑनलाइन बेवसाइट चलाकर एचडीएफसी बैंक में नौकरी का लालच देकर बेरोजगारों से ठगी करता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कलानिधि नैथानी ने बताया कि साइबर सेल की टीम ने उन्नाव के बांगरमऊ टेढ़ी बाजार निवासी पारस मिश्रा को आदिलनगर के भुवनेश्वरी पुरम में एक कॉल सेन्टर से गिरफ्तार किया है। कॉल सेंटर पकड़े गए अभियुक्त का है।
पूछताछ पर उसने कुबूला कि वह तीन सालों से क्विकर व ओएएक्स शाइन डॉट कॉम ऑनलाइन जॉब पोर्टल पर फर्जी विज्ञापन देकर बेरोजगार युवकों से ठगी करता है। एचडीएफसी बैंक में नौकरी दिलाने के नाम पर वह सैकड़ों बेरोजगारों को अपना शिकार बनाकर 50 लाख से अधिक की रकम ठग चुका है।
एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त के पास से पुलिस ने एक मोबाइल और विभिन्न कम्पनियों के 50 सिम बरामद किया है। इससे यह जानकारी हुई है कि इसका नेटवर्क लखनऊ के अलावा अन्य राज्य में भी है। अभियुक्त को जेल भेजते हुए अन्य की तलाश की जा रही है।





