बेगूसराय लोकसभा सीट पर JDU नेता ने ठोका दावा, कहा- ‘CPI को किया था लाल कपड़े में दफन’
बेगूसरायः बिहार के बेगूसराय लोकसभा सीट पर जेडीयू नेता ने अपना दावा ठोक दिया है. जेडीयू नेता और बेगूसराय लोकसभा सीट के पूर्व सांसद मोनाजिर हसन ने कहा कि पिछली बार उलटा-पुलटा गठबंधन हो गया था, इसलिए जेडीयू के हाथ से यह सीट निकल गई थी. लेकिन इस बार जेडीयू इस सीट पर अपना दावा करेगी.
जेडीयू नेता और बेगूसराय से लोकसभा सांसद रह चुके मोनाजिर हसन ने गुरुवार को कहा कि वह जब यहां से सांसद थे तो उन्होंने सीपीआई को लाल कपड़े में बांध कर दफन कर दिया था. अब सीपीआई का जनाधार बेगूसराय में खत्म हो गया है. इसलिए वह इस बार कन्हैया को भी नाक रगड़वा देंगे.
मोनाजिर हसन ने कहा कि कन्हैया दिल्ली से आएं हैं. लेकिन अगर उसे नाक रगड़कर विदा नहीं किया तो अपना नाम बदल लेंगे. सीपीआई का यहां कोई जनाधार नहीं है. जब मैं बेगूसराय से सांसद बना था तभी सीपीआई लाल कपड़े में दफन हो गई है.
आपको बता दें कि सीपीआई गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में बहुत बड़ी रैली कर रही है. बताया जा रहा है कि सीपीआई लोकसभा चुनाव को लेकर और कन्हैया के लॉन्चिंग को लेकर पार्टी ने यहां बड़ी रैली की है. वहीं, इस रैली के बहाने महागठबंधन के नेताओं को भी एक करने की कोशिश की जा रही है.
मोनाजिर हसन ने बेगूसराय सीट पर जेडीयू के दावेदारी को लेकर कहा कि वह इस सीट पर दावा करेंगे. उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व से वह अनुरोध करेंगे की बेगूसराय का सीट जेडीयू के खाते में आए. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के विकास की लहर में जेडीयू को इस सीट पर अपनी जीत दर्ज करने से कोई रोक नहीं सकता है.
गौरतलब है कि पिछले लोकसभा चुनाव में इस बेगूसराय सीट से बीजेपी उम्मीदवार भोला सिंह ने जीत दर्ज की थी. वहीं, हाल ही में भोला सिंह का निधन हो गया. वह दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली. वहीं, अब भोला यादव के निधन के बाद जेडीयू नेता ने अभी से ही आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अपनी दावेदारी ठोक दी है.
बता दें की एनडीए में अब तक सीट शेयरिंग की घोषणा नहीं हुई है. वहीं, जेडीयू, बीजेपी और अन्य सहयोगी दलों के नेताओं में सीट शेयरिंग की घोषणा को लेकर काफी उत्सुक है. हालांकि कुछ नेताओं को डर भी सता रहा है कि उन्हें कही अपनी सीट छोड़नी न पड़ जाए. ऐसे में नेता पहले से ही अपनी-अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं.
गौरतलब है कि बक्सर सीट से भी जेडीयू विधायक ददन यादव ने लोकसभा सीट पर अपनी दावेदारी पेश की है. जबकि इस सीट पर पहले से ही बीजेपी के नेता अश्विनी चौबे सांसद है. जिसके बावजूद ददन यादव ने कहा था कि बक्सर सीट पर उन्हें हराने वाला कोई नहीं है. इसलिए इस सीट पर मेरी दावेदारी सबसे बड़ी है.





