बिहार : स्कूल बस हादसे में 2 बच्चों की मौत, 10 गंभीर

रोहतास: औरंगाबाद के बारुण में एक बड़ा हादसा हो गया है. एक स्कूल बस ने खड़े ट्रक में टक्कर मार दी. इस हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई है और करीब 30 बच्चे घायल बताए जा रहे हैं. वहीं, 10 बच्चों की हालत गंभीर है.
जिले के मंगरौली गांव स्थित उर्दू मध्य विद्यालय के छात्र राजगीर से लौट रहे थे कि रास्ते में हादसा हो गया. घटना एनएच-2 पर बारूण थाना क्षेत्र के प्रीतमपुर के पास की है. घायलों को आनन फानन में औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. 6 बच्चों की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें एनएमसीएच जमुहार रेफर कर दिया.
सड़क हादसे में राजपुर इलाके के मंगरवालिया के रहने वाले 14 वर्षीय मजहर नाम के छात्र की मौत हो गई है. बच्चे की मौत की जानकारी मिलते ही मां का रो-रोकर बुरा हैल हो गया. बता दें कि मासूम मजहर के पिता की मौत पहले ही हो चुकी है. परिजन हादसे की सूचना मिलते एनएमसीएच जमुहार पहुंच गए.
वहीं, औरंगाबाद सदर अस्पताल से एनएमसीएच जमुहार रेफर किए गए घायल बच्चों को देखने रोहतास डीएम पहुंचे हैं. उन्होंने बताया कि जिले से परिभ्रमण कर लौटने के दौरान सड़क हादसे में एक बच्चे की मौत हो चुकी है और दूसरे बच्चे की मौत यहां हुई है. 10 बच्चों का इलाज यहां चल रहा है. बाकी बच्चों को घर भेज दिया गया है.





