बिहार के बेगूसराय में आठ लोगों की डूबने से हुई मौत से इलाके में मचा कोहराम

बिहार के बेगूसराय में बड़ा हादसा हो गया है। अलग-अलग घटनाओं में आठ लोगों की डूबने से मौत हो गई है। इलाके में कोहराम मच गया है। मृतकों के घरों में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ घटनास्‍थल की ओर पहुंच गयी है। प्रशासनिक अधिकारी भी जानकारी लेने के लिए मौके पर पहुंचे हैं। मृ‍तकाें में एक महिला व पांच बच्‍चे शामिल हैं।

बताया जाता है कि बेगूसराय के गढ़पुरा थाना हरखपुरा में घोंघा चुनने के दौरान चार बच्‍चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि भगवानपुर थाना के मोजाहिदपुर में तीन बच्चे नहाने के दौरान डूब गए। इनमें से दो के शव बरामद हो गये हैं। वहीं, एक बच्चे की स्थिति गम्भीर है।

गढ़पुरा थाना क्षेत्र के हरखपुरा चौर में डूबने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। बताया जाता है कि हरखपुरा निवासी दिनेश दास की पत्नी, बेटी सोनी देवी 25 वर्ष, सुलेखा कुमारी 13 वर्ष, पुत्र सुमित कुमार 14 वर्ष व मंजीत दास की पुत्री खुशबू कुमारी 12 वर्ष घोघा चुनने के लिए शहार बहियार चौर गई। इसी दौरान पांचों डूबने लगे। इनमें से दिनेश दास की पत्‍नी को बचा लिया गया, जबकि दिनेश दास की दो पुत्री, एक पुत्र व मंजीत दास की बेटी डूब गई। चारों के शव बाहर निकाले जा रहे हैं।

उधर, भगवानपुर थाना क्षेत्र के मोजाहिदपुर में तीन बच्चे नहाने के दौरान डूब गए। दो की मौत हो गई। दोनों के शव बाहर निकाल लिये गये हैं, तीसरे बच्‍चे की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। इसके अलावा दो अन्‍य स्‍थानों पर भी दो लोगों के डूबने की खबर है। जानकारी के अनुसार, दामोदरपुर व मानोपुर में एक-एक की मौत हुई है। हालांकि अब तक शव नहीं निकाले गए हैं। गोताखोर शवों की तलाश में जुटे हुए हैं।

Back to top button