बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर जगन्नाथ मिश्रा का पार्थिव शरीर आज दोपहर बाद पटना पहुंचा….

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ जगन्नाथ मिश्रा का पार्थिव शरीर आज  दोपहर बाद दिल्ली से पटना लाया गया। कल उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक आवास पर किया जाएगा। पटना एयरपोर्ट पहुंचे दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर का दर्शन करने के लिए विभि्न दलों के नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। पटना एयरपोर्ट से सीधे उनका पार्थिव शरीर विधानसभा लाया गया, जहां उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी।

इसके बाद लोगों के अंतिम दर्शन के लिए उनका पार्थिव शरीर पटना के शास्त्रीनगर स्थित उनके आवास पर रखा गया है। पूर्व मुख्यमंत्री का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव सुपौल जिले के बलुआ में राजकीय सम्मान के साथ बुधवार को किया जायेगा।

पूर्व मुख्यमंत्री के निधन से उनके पैतृक गांव बलुआ में सन्नाटा पसर गया है। हालांकि, उनके पैतृक आवास पर फिलहाल उनके परिजन नहीं हैं। इसके बावजूद उनके भतीजे और पड़ोस के लोग आवास पर पहुंच कर आनेवाले लोगों से मिल रहे हैं। गांव के लोग उनके किये कार्यों की चर्चा कर उन्हें याद कर रहे हैं।

जगन्नाथ मिश्रा तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री बने थे। पहली बार उन्होंने मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी वर्ष 1975 में संभाली तो दूसरी बार वे 1980 में मुख्यमंत्री बने। आखिरी बार वे वर्ष 1989 से 1990 तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद वह 90 के दशक में केंद्रीय कैबिनेट में मंत्री भी रहे।

बिहार के पूर्व सीएम जगन्नाथ मिश्रा ने अपने कॅरियर की शुरुआत लेक्चरर के तौर पर की थ। बाद में उन्होंने बिहार यूनिवर्सिटी में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर के तौर पर अपनी सेवाएं दी।मिथिलांचल के सबसे कद्दावार नेताओं में उनका नाम शुमार किया जाता है। बता दें कि सोमवार को लंबी बीमारी के बाद दिल्ली के एक अस्पताल में उन्होंने अपनी आखिरी सांस ली थी।

Back to top button