बांग्लादेश में निर्वाचित सांसदों ने शपथ ली, बीएनपी ने किया बहिष्कार

बांग्लादेश में नवनिर्वाचित सांसदों ने बृहस्पतिवार को शपथ ली। जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया की बीएनपी और उसके नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के विजयी सांसदों ने इस शपथ समारोह का बहिष्कार किया। विपक्षी गठबंधन ने आम चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाते हुए निर्वाचन आयोग से देश में दोबारा चुनाव कराने की मांग की है।बांग्लादेश में निर्वाचित सांसदों ने शपथ ली, बीएनपी ने किया बहिष्कार

संसद के ओथ रूम में आयोजित समारोह में स्पीकर शिरीन शर्मिन चौधरी ने सबसे पहले शपथ ली। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी पार्टी अवामी लीग के निर्वाचित सांसदों को शपथ दिलाई। पूर्व प्रधानमंत्री जिया की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) संसदीय चुनाव में पांच सीटें जीतने में कामयाब हुई है, जबकि बीएनपी के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन नेशनल यूनिटी फ्रंट (एनयूएफ) के घटक दलों को दो सीटों पर ही संतोष करना पड़ा। वहीं, प्रधानमंत्री हसीना की पार्टी अवामी लीग ने 258 सीटें जीतकर सत्ता में वापसी की है। अवामी लीग की सहयोगी पार्टी जातीय पार्टी के 22 सांसद निर्वाचित हुए हैं।

Back to top button