बदमाश ने बुआ व चचेरी बहन का किया किडनैप, पुलिस ने स्टेशन पर पकड़ा

भोपाल.सागर से दो नाबालिग का अपहरण कर भोपाल स्टेशन पर घूम रहे एक बदमाश को आरपीएफ ने धर दबोचा, जबकि उसका एक साथी चकमा देकर भागने में सफल हो गया। पकड़ में आए बदमाश ने आरपीएफ को बताया कि वह अपनी रिश्ते की बुआ व चचेरी बहन को शादी का झांसा देकर मालेगांव लेकर गए थे। वहां पर पैसे खत्म होने पर वह उन्हें भोपाल स्टेशन पर छोड़कर भाग रहे थे। इसी दौरान आरपीएफ ने बदमाश को पकड़ लिया। आरपीएफ युवक से पूछताछ कर रही है।

आरपीएफ सब इंस्पेक्टर अजीत सिंह और कांस्टेबल सुरेंदर उइके शनिवार को प्लेटफार्म-2 व 3 पर रूटीन गश्त कर रहे थे। इस दौरान दो युवक और दो नाबालिग संदिग्ध अवस्था में नजर आए। घंटों तक इन पर नजर रखने के बाद जैसे ही आरपीएफ इनके पास जाने लगी, वह भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा कर एक बदमाश को पकड़ लिया, तो दूसरा भाग निकला।
पकड़े गए बदमाश का नाम कृपाल 21 साल है। जबकि गणेश नामक युवक भाग निकला। पूछताछ में दोनों नाबालिग ने बताया कि वे दोनों सागर के बेहरोल थाना के ग्राम राक्सी में रहने वाले हैं और रिश्ते में बहन और बुआ हैं। उन्हें दूर का भाई कृपाल सिंह और पास के गांव में रहने वाला गणेश शादी का झांसा देकर मालेगांव लेकर गए थे और वहां से भोपाल आए थे। आगे कहां जाना था, इसकी दोनों को जानकारी नहीं है।
बेहरोल में दर्ज है केस
पूछताछ में कृपाल सिंह ने नाबालिगों द्वारा लगाए आरोपों को कबूला है। इसके आधार पर सब इंस्पेक्टर अजीत सिंह ने बेहरोल थाने के थाना प्रभारी रवि पाठक से मोबाइल पर चर्चा की। पता चला कि दोनों नाबालिग का एक महीने पहले युवकों ने अपहरण किया है। जिनके खिलाफ थाने में अपहरण करने का मामला दर्ज है।





