बंद रहीं ट्रेनें-बसे, टैक्सी वाले फायदा उठाकर 4000 की बजाए ले रहे 12 हजार

लुधियाना. डेरा सच्चा सौदा के समर्थकों की ओर से हरियाणा-पंजाब के कई शहरों में मचाई तोड़फोड़ के बाद शनिवार को भी शहर के नाजुक हालात बने रहे। इसके चलते रेल-बस सेवाएं पूरी तरह ठप रहीं। पिछले दो दिन से बाहरी सूबों और शहरों से हजारों की तादाद में यहां फंसे लोग अपने घरों तक सुरक्षित पहुंचने के लिए जुगाड़ तलाशते नजर आए। टैक्सी ऑपरेटरों ने इन लोगों की मजबूरी का फायदा बखूबी उठाया। ऑपरेटरों ने एक तरफ का दिल्ली का किराया 12 से 15 हजार तक बताया। जबकि आम दिनों में यह सिर्फ 4 हजार से 45 सौ रुपए के बीच लिया जा रहा था।
Trains closed, 12 thousand taking taxis, taking advantage of 4,000
प्रतिनिधि ने एक टैक्सी ऑपरेटर से दिल्ली जाने के लिए इनोवा कार का किराया पूछा तो उसने 12 हजार रुपए बताया। इसके पीछे उन्होंने तर्क दिया कि वे भी रिस्क लेकर आपको दिल्ली ले जा रहे हैं। इस समय हालात नाजुक हैं। हमारे पास मेन हाईवे को छोड़कर और भी दूसरे रास्ते हैं, जहां से यात्रियों को हम अपने रिस्क पर दिल्ली और एयरपोर्ट पहुंचा रहे हैं।

 आज से चलेंगी आठ ट्रेनें

फिरोजपुर डिवीजन ने रेलवे बोर्ड ने आठ ट्रेनें रविवार से चलाने का आदेश जारी कर दिया। फिलहाल बाकी ट्रेनों को चलाने पर फैसला सोमवार के बाद ही लिया जाएगा। वहीं, रेलवे ने शुक्रवार और शनिवार को पंजाब से होकर दिल्ली और हरियाणा रूट पर जाने वाली 120 ट्रेनें रद्द रखीं। फिरोजपुर डिवीजन के डीसीएम रजनीश श्रीवास्तव ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने अभी फिलहाल 8 ट्रेनें चलाने को कहा है। इनमें पूजा एक्सप्रेस-12414, बेगमपुरा एक्सप्रेस-12238, जम्मू-कलकत्ता-13152, संपर्क संक्रांति-12446, छत्तीसगढ़-18238, हावड़ा मेल-30006, अमृतसर-देहरादून-14610 अौर झेलम एक्सप्रेस-11078 शामिल हैं।

जम्मू-पठानकोट में फंसे छह हजार यात्री

रेलवे ने शनिवार को जम्मू-हरियाणा-दिल्ली समेत कई रूटों पर ट्रेनें रद्द रहीं। इसके चलते करीब छह हजार यात्री फंसे हैं। रेलवे ने यात्रियों को रिफंड भी दिया। यात्रियों के लिए खाने-पीने का इंतजाम मंदिरों और गुरुद्वारों से सहयोग लेकर करवाया गया है। वहीं, रेलवे ने फिरोजपुर डिवीजन के अधीन आते सभी स्टेशनों में शुक्रवार-शनिवार को 60 लाख तक रिफंड दिया।
1 कटड़ा में 1700 यात्री फसे हैं। इन यात्रियों के खाने-पीने का प्रबंध श्राइन बोर्ड से सहयोग लेकर करवाया जा रहा है। यात्री रेलवे स्टेशन पर ही दिन-रात गुजार रहे हैं।
2 जम्मू में चार हजार यात्री फंसे हैं। ये सभी दिल्ली समेत दूसरे राज्यों के हैं। इनके खाने-पीने का बंदोबस्त गुरुद्वारों के सहयोग से कराया जा रहा है।
3 पठानकोट में करीब 400 यात्री फंसे हैं। इनके खाने-पीने का प्रबंध एनजीओ लॉयंस क्लब के सहयोग से किया जा रहा है।

दुगरी, धांधरां रोड पर पूरी तरह बंद रहे बाजार

लुधियाना शहर के प्रमुख बाजार शनिवार को खुल गए। हालांकि रौनक कम ही रही। मगर कुछ इलाकों में पूरी तरह सन्नाटा छाया रहा। इनमें दुगरी, धांधरां रोड के इलाके प्रमुख तौर पर शामिल हैं। गिल रोड पर भी दोपहर तक दुकानें पूरी तरह बंद रहीं, मगर शाम होते बाजार खुल गया। इन इलाकों के बाशिंदे भी घरों में ही दुबके रहे। दुगरी फेज-1, 2 और अन्य इलाकों, धांधरां रोड मार्केट और अन्य दुकानें बंद रहीं। इन इलाकों की सड़कें भी सुनसान ही रहीं।

सरकारी दफ्तरों की विशेष सुरक्षा

हालात नाजुक होने के चलते पैरामिलिट्री और पुलिस फोर्स की टीमें पूरे शहर में तैनात रहीं। साथ ही फोर्स की गाड़ियों ने लगातार मुख्य इलाकों में गश्त जारी रखीं। जबकि प्रमुख सड़कों पर नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग की गई।

पेट्रोल पंप-मॉल्स खुले

लोगों ने माहौल शांत देख बाद दोपहर घरों से बाहर निकलना शुरू किया। उधर, शनिवार सुबह से ही पेट्रोल पंप और मॉल्स खुल गए। मगर खरीदार कम ही पहुंचे।
 
Back to top button