फ्रांस :मुस्लिम छात्रा ने पहनी लॉन्ग स्कर्ट, स्कूल ने भेजा घर

पेरिस। फ्रांस में एक मुस्लिम छात्रा को इस वजह से घर भेज दिया गया क्योंकि वह लॉन्ग स्कर्ट पहनकर स्कूल आई थी। 16 वर्षीय छात्रा के परिजनों ने ईसाई धर्म छोड़कर इस्लाम अपना चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक स्कूल प्रशासन ने इस ड्रेस को धार्मिक पहनावा समझा और छात्रा को वापस घर भेज दिया।
पेरिस के सीन एट मार्ने स्कूल की प्रधानाध्यापक ने जब छात्रा को लॉन्ग स्कर्ट में देखा तो उसे घर लौट जाने का आदेश दिया। गौरतलब है कि यह स्कर्ट मुस्लिम महिलाओं में काफी लोकप्रिय है।
जब छात्रा की मां को इसका पता चला तो उन्होंने मामले की शिकायत स्कूल अधिकारियों से की। स्कूल प्रशासन ने छात्रा के अभिभावकों को बुलाया ताकि इस मामले का हल निकाला जा सके।
छात्रा की मां मैरी क्रिस्टीन डिसूजा ने बताया कि उनकी बेटी इस्लाम अपना चुकी है और वे उसकी पसंद व निर्णय का समर्थन करती हैं। उन्होंने बुर्का पहनने की इजाजत भी दी है।
वहीं, छात्रा का परिवार इस मामले में कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। स्कूल ने कहा कि सारा ने धार्मिक उद्देश्य से यह स्कर्ट पहनी थी, इसलिए समुचित निर्णय का अधिकार स्कूल के पास है। फ्रांस में धर्मनिरपेक्षता का संदेश देने के लिए 2004 में कानून पारित किया गया था।





