पढ़ाई के साथ खेल भी नितांत आवश्यक- डीएम

सुलतानपुर, 07 दिसम्बर (UjjawalPrabhat.Com)। दसईपुर स्थित वीएसवी इंटर कॉलेज के वार्षिक क्रीड़ा समारोह में छात्र-छात्राओं की बहुमुखी प्रतिभा की झलक दिखाई दी। शिवमंगल, शिल्पा, अनुराग, राशिदा बनो, करन व श्रेयांसी ने अपने अपने वर्गों में सबसे तेज दौड़ लगा कर बाज़ी मारी। वहीं कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में डीएम विवेक ने अपने भाव पूर्ण भाषण के जरिए छात्रों को सफलता का मंत्र दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में एनसीसी कैडेटों ने मुख्य अतिथि जिलाधिकारी विवेक को गार्ड ऑफ ऑनर पेश किया और रंग बिरंगे गुब्बारे उड़ा व ध्वजारोहण कर उन्होंने समारोह का उद्घाटन किया। प्रबंधतंत्र अध्यक्ष सत्यदेव सिंह की अध्यक्षता व वाणिज्यकर उपायुक्त अभिनव सोनी, जिपं सदस्य यशभद्र सिंह, प्रदीप सिंह थौरी के विशिष्ट आतिथ्य में विविध स्पर्धाएं शुरू हुईं। मार्चपास्ट में येलो हाउस अव्वल रहा। जबकि खो-खो में एलो हाउस, वॉलीबॉल में ब्लू हाउस ने बाजी मारी। प्रधानाचार्य एसबी सिंह के संयोजन में विशिष्टजनों ने विजेता बच्चों को सम्मानित किया।
इनसेट-
खेलोगे कूदोगे होंगे खराब, जुमला अब बेमानी
डीएम विवेक ने अपने सम्बोधन में कहा कि पढ़ो लिखो आगे बढ़ो..! पर याद रखिये पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी अब उतना ही जरूरी है। खेलोगे कूदोगे होंगे खराब..इस कहावत के मायने बदल चुके हैं। स्वास्थ्य बेहतर रखना भी जरूरी है, इसके जरिये भी आप देश दुनिया मे अपना और देश का नाम ऊंचा रख सकते हैं। प्रेरणादायक उदाहरणों के जरिये उन्होंने बच्चों मेहनत, लगन के बल पर लक्ष्य प्राप्ति की सीख दी।
रिपोर्ट- विकास आनन्द





