पूर्व सैनिक के परिवार को एक करोड़ मुआवजा देगी दिल्ली सरकार, गांव में अंतिम संस्कार


इससे पहले सुबह कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पार्टी के नेताओं के साथ वहां पहुंचे हैं। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के अलावा स्थानीय सांसद, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कमलनाथ सहित कई दिग्गज शव यात्रा में शामिल हुए और परिजनों को सांत्वना दी। इधर हरियाणा सरकार ने परिवार के सदस्य को नौकरी और 10 लाख रुपये देने का ऐलान किया है। बीते दिन इस मुद्दे पर दिल्ली में खूब सियासत हुई थी। पूर्व फौजी की फैमिली से मिलने पहुंचे राहुल गांधी को दो बार पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत दिल्ली की आधी कैबिनेट को भी हिरासत में ले लिया गया था। केजरीवाल और सिसोदिया को देर रात रिहा कर दिया गया।
रक्षा मंत्रालय सूत्रों ने बताया कि ग्रेवाल को छठे वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार ओआरओपी का लाभ मिला था, लेकिन एसबीआई की भिवानी (हरियाणा) शाखा की गलती से उन्हें कुछ कम राशि मिली थी। इस मामले की जांच हो रही थी।
सूत्रों ने कहा कि खुदकुशी करने वाले पूर्व सैनिक ने रक्षा मंत्री मनोहर परिकर से कभी भी न तो घर पर और न ही ऑफिस में मिलने का समय मांगा था। इस बीच, परिकर ने ट्वीट कर कहा है कि सरकार पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।





